शाहीन अफरीदी ने कप्तानी के मुद्दे पर मनमुटाव से इनकार किया, कहा- यह विवादों का समय नहीं है

punjabkesari.in Friday, May 17, 2024 - 06:37 PM (IST)

कराची : पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने कप्तानी के मुद्दे पर टीम में किसी भी तरह के असंतोष या मनमुटाव से साफ इनकार किया। शाहीन अफरीदी को हटाकर बाबर आजम को फिर से राष्ट्रीय टीम का कप्तान बना दिया गया है। 

शाहीन अफरीदी ने कप्तानी पद से हटाए जाने से पहले सिर्फ एक सीरीज में टीम का नेतृत्व किया था। शुक्रवार को शाहीन अफरीदी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पोडकास्ट पर बात कर रहे थे और उन्होंने कहा कि एकजुटता के बिना किसी भी बड़े टूर्नामेंट में जीत हासिल करना असंभव है। उन्होंने हालांकि कहा कि प्रत्येक टीम में छुटपुट मतभेद होते रहते हैं लेकिन इन्हें गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। 

शाहीन अफरीदी ने कहा, ‘कभी कभार, छुटपुट मतभेद हर परिवार में होते हैं, यहां तक कि भाईयों में भी। लेकिन हमारी टीम में ऐसा कुछ नहीं है।' उन्होंने कहा, ‘हमारे खिलाड़ी एक दूसरे की बात सुनते हैं और हम भी उनकी बात सुनते हैं। हमारा काम क्रिकेट खेलना और अपने देश के लिए खुशियां लाना है।' 

शाहीन अफरीदी ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य एकजुट होकर खेलना होता है। यह मतभेदों या विवादों का समय नहीं है। यह समय है जब हर किसी को एक ही लक्ष्य पर निगाहें रखनी चाहिए।' पाकिस्तान छह जून को अमेरिका के खिलाफ अपना टी20 विश्व कप अभियान शुरू करेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News