अफरीदी ने भारतीय तिरंगे के साथ तस्वीर शेयर कर गाैतम गंभीर को दिया जवाब

punjabkesari.in Wednesday, Apr 04, 2018 - 02:25 PM (IST)

नई दिल्लीः पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने जम्मू-कश्मीर में रविवार को भारतीय सेना द्वारा मारे गए 13 आतंकियों से हमदर्दी जताई थी। उन्होंने ट्विटर के जरिए कहा था कि यह बेगुनाहों की हत्या के बराबर है। वहीं भारतीय क्रिकेटर गाैतम गंभीर ने अफरीदी के ट्वीट को नो बॉल पर मिले विकेट के जश्न जैसा बताया है। यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया को उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। लेकिन अब अफरीदी ने एक आैर ट्वीट किया, जिसमें वह भारतीय तिरंगे के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। 

अफरीदी ने इस बार जो ट्वीट किया है उसमे उन्होंने भारतीय तिरंगे का फोटो डालते हुए लोगों से मानवता दिखाने की अपील की है। अफरीदी ने ट्वीट करते लिखा, ''हम सबका सम्मान करते हैं। यह तस्वीर एक स्पोर्ट्समैन का उदाहरण है, लेकिन जब बात मानवाधिकार की आती है, तो हम सभी अपने मासूम कश्मीरियों के लिए एक ही उम्मीद रखते हैं।''

अफरीदी ने पहले किया था ये ट्वीट
अफरीदी ने ट्विट करते लिखा था, 'भारत अधिकृत कश्मीर (जम्मू कश्मीर) की स्थिति बेचैन करनेवाली और चिंताजनक है। यहां आत्मनिर्णय और आजादी की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी शासन द्वारा निर्दोषों को मार दिया जाता है। हैरान हूं कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठन कहां हैं? वे इस खूनी संघर्ष को रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं कर रहे?' 


गंभीर ने दिया था अफरीदी के ट्वीट का जवाब
गंभीर ने अफरीदी को करारा जवाब देते कहा, ''हमारे कश्मीर और संयुक्त राष्ट्र को लेकर किए गए शाहिद अफरीदी के ट्वीट पर रिएक्शन के लिए मीडिया की ओर से मुझे कॉल आए। इसमें क्या कहना है? अफरीदी सिर्फ यूएन की ओर देख रहे हैं, जिसका मतलब उनके शब्दकोश में अंडर-19 है। मीडिया इसे हल्के में ही ले। अफरीदी नो बॉल पर आउट होने का जश्न मना रहे हैं।'' 

गाैरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में रविवार (एक अप्रैल) को भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया था। आतंकियों के साथ इस दौरान सेना के जवानों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें लगभग 13 आतंकवादी मारे गए थे। देश की हिफाजत करते वक्त भारतीय सेना के तीन जवान भी शहीद हो गए थे। वहीं, चार आम नागरिकों के मारे जाने और करीब 70 लोगों के जख्मी होने की खबर आई थी।

Punjab Kesari