शाहिद अफरीदी ने किया हिंदुस्तान के तिरंगे का सम्मान, देखें वीडियो

punjabkesari.in Saturday, Feb 10, 2018 - 11:34 AM (IST)

नई दिल्लीः पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने स्विट्जरलैंड के सेंट मोरित्ज में हुए दो आइस क्रिकेट मैचों के दाैरान करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया। दूसरे मैच की समाप्ति के बाद अफरीदी हिंदुस्तान के तिरंगे का सम्मान करते नजर आए, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

ऐसे किया तिरंगे का सम्मान
दूसरे मैच पर जीत हासिल करने के बाद अफरीदी अपने प्रसंशकों से फोटो खिंचवाते नजर आए। अफरीदी से फोटोग्राफ लेने के लिए भी वहां प्रशंसकों की भीड़ जम गई। इस दाैरान भारतीय प्रशंसक तिरंगा लेकर खड़े दिखे। अफरीदी ने उनके साथ भी फोटो खिंचवाई, लेकिन उन्होंने जैसे ही तिरंगे की ओर नजर डाली, तो वह पूरा खुला खुला नहीं हुआ था। अफरीदी ने भारतीय प्रशंसकों को कहा - 'फ्लैग सीधा करो' और इसके बाद ही फोटो खिंचवाई। भारत के तिरंगे के प्रति इस सम्मान के बाद सोशल मीडिया पर अफरीदी ने खूब तारीफें बटोरीं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। 

खास बात यह रही कि जब शाहिद अफरीदी भी दर्शकों से रू-ब-रू हुएतो न सिर्फ अफरीदी के पाकिस्तानी फैंस, बल्कि इंडियन फैंस भी उनसे मिलने को बेताब दिखे।अफरीदी भी खुद को नहीं रोक पाए उन्होंने बारी-बारी से प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ दिए।

अफरीदी राॅयल्स ने किया सीरीज पर कब्जा
बता दें कि दूसरे मैच में सहवाग डायमंड्स ने निर्धारित 20 ओवर में 206 रन का मजबूत लक्ष्य रखा। डायमंड्स की ओर से एंड्रयू साइमंड्स ने 42 गेंदों में 4 चाैकों आैर 5 छक्कों की मदद से 67 रन की पारी खेली। जबकि मोहम्मद कैफ ने महज 30 गेंद में 57 रन बनाए। इसमें तीन चौके और 5 छक्के शामिल थे। जवाब में उतरे अफरीदी राॅयल्स ने ग्रीम स्मिथ के 58 आैर जैक कैलिस के 90 रनों की बदालैत 16.4 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर दो मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। अफरीदी राॅयल्स ने पहला मैच 6 विकेट रहते जीता था।