अफरीदी पर बरसे गब्बर, बोले- ज्यादा दिमाग मत लगाओ, पहले अपने देश के हालात सुधारो
punjabkesari.in Thursday, Apr 05, 2018 - 03:13 PM (IST)
नई दिल्लीः भारतीय सेना द्वारा मारे गए 13 आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति दिखाना पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को महंगा पड़ गया। अफरीदी को पहले भारतीय क्रिकेटर गाैतम गंभीर के गुस्से का शिकार होना पड़ा था, लेकिन अब टीम के 'गब्बर' शिखर धवन ने भी उन्हें लताड़ लगाई है।
शिखर धवन ने ट्वीट करते कहा, 'पहले खुद के देश की हालत सुधारो। अपनी सोच अपने पास रखो। अपने देश का जो हम कर रहे हैं वो अच्छा ही है और आगे जो करना है वो भी हमें अच्छे से पता है। ज्यादा दिमाग मत लगाओ शाहिद अफरीदी!'
Pehle khudke desh ki haalat sudharo. Apni soch apne paas rakho. Apne desh ka joh hum kar rahe hai woh acha hi hai aur aage jo karna hai woh humein ache se pata hai. Zyaada dimaag mat lagao @SAfridiOfficial
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) April 5, 2018
धवन के बाद इशांत शर्मा ने अफरीदी की बातों को आधारहीन बताते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि कश्मीर शुरू से ही भारत का हिस्सा था और आगे भी रहेगा। इन दोनों क्रिकेटरों से पहले गंभीर ने अफरीदी को खरी-खोटी सुनाई थी। गंभीर ने कहा था कि मीडिया अफरीदी की बात को हल्के में ही ले। अफरीदी नो बॉल पर आउट होने का जश्न मना रहे हैं।''
क्या कहा था अफरीदी ने?
अफरीदी ने ट्विट करते लिखा था, 'भारत अधिकृत कश्मीर (जम्मू कश्मीर) की स्थिति बेचैन करनेवाली और चिंताजनक है। यहां आत्मनिर्णय और आजादी की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी शासन द्वारा निर्दोषों को मार दिया जाता है। हैरान हूं कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठन कहां हैं? वे इस खूनी संघर्ष को रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं कर रहे?' उनके इस ट्वीट के बाद भारतीय क्रिकेटरों ने उनकी खूब क्लास ली।
गाैरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में रविवार (एक अप्रैल) को भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया था। आतंकियों के साथ इस दौरान सेना के जवानों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें लगभग 13 आतंकवादी मारे गए थे। देश की हिफाजत करते वक्त भारतीय सेना के तीन जवान भी शहीद हो गए थे। वहीं, चार आम नागरिकों के मारे जाने और करीब 70 लोगों के जख्मी होने की खबर आई थी।