चेपाक की पिच से हैरान हुए शिखर धवन, गीली गेंद से गेंदबाजी पर भी बोले

punjabkesari.in Wednesday, Apr 21, 2021 - 12:21 AM (IST)

नई दिल्ली : सीजन में शिखर धवन का बल्ला मुंबई के खिलाफ भी चला। सर्वाधिक 231 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल करने वाले धवन चेन्नई की पिच पर थोड़े हैरान थे। धवन ने कहा - यह पिच वानखेड़े से बिल्कुल ऊलट थी। चेन्नई में जीतकर खुशी हुई। खुशी तब होती है जब मुंबई जैसी टीम के खिलाफ रन बनाते हो। इससे  आपका आत्मविश्वास अपने आप ऊपर चला जाता है। हमें पता है कि गीली गेंद से गेंदबाजी करना मुश्किल होता है। लेकिन हमने साझेदारियां बनाकर जीत हासिल कर ली। 

शिखर धवन बोले- हमारे लिए ललित (यादव) ने अच्छी पारी खेली। थोड़ा निराश जरूर हूं क्योंकि अर्धशतक पूरा नहीं कर पाया लेकिन खुशी है कि हमने खेल को जीत लिया, जिस तरह से हमने खेला, मुझे लगता है कि हम जीत के लायक थे। बता दें कि मैच के दौरान धवन ने बतौर ओपनर आई.पी.एल. इतिहास में अपने 5 हजार रन भी पूरे कर लिए। वह पहले से सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले प्लेयर हैं। इस सीजन में भी वह टॉप पर बने हुए हैं। 

मैच की बात करें तो मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी चुनी थी। डिकॉक महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए लेकिन रोहित ने सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन के साथ स्कोर को आगे बढ़ाया। मुंबई का मध्यक्रम आज फेल हो गया। हार्दिक 0, क्रुणाल 1 तो पोलार्ड 2 रन बनाकर चलते बने। दिल्ली के स्पिनर अमित मिश्रा ने 4 विकेट लिए। जवाब में दिल्ली ने धवन के 45, स्मिथ के 33, ललित यादव के 22 रनों की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया।

Content Writer

Jasmeet