शोएब अख्तर ने चुनी IPL की फेवरेट प्लेइंग-11, सात विदेशियों को दी जगह

punjabkesari.in Friday, May 20, 2022 - 05:49 PM (IST)

खेल डैस्क : पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर आईपीएल के बड़े फैंस में से एक रहे हैं। विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के प्रति उनकी दी जाने वाली इज्जत से पूरी दुनिया वाकिफ है। अख्तर समय-समय पर आईपीएल प्लेयर्स और टीमों के प्रदर्शन पर बात करते रहे हैं। इसी बीच अख्तर आईपीएल की अपनी फेवरेट प्लेइंग-11 सबके सामने लाए हैं। 

अख्तर ने ओपनिंग क्रम पर क्रिस गेल के साथ रोहित शर्मा को चुना है। फैंस हैरान है कि उन्होंने यहां डेविड वॉर्नर को नहीं चुना। अख्तर वॉर्नर के भी प्रशंसक रहे हैं। अक्सर आईपीएल में वॉर्नर को प्रर्याप्त सम्मान नहीं मिलने की बात भी करते रहे हैैं। लेकिन तमाम बातों को दरकरार करते हुए अख्तर ने धाकड़ क्रिस  गेल के साथ रोहित को ही ओपनिंग दी है। 

अख्तर की प्लेइंग इलेवन में 3 नंबर पर बिना झिझक विराट कोहली को जगह दी है। वैसे भी विराट लंबे समय से आईपीएल में तीन नंबर पर ही खेलते आए हैं। इसके अलावा चौथे नंबर पर अख्तर ने विराट के ही खास दोस्त एबी डीविलियर्स को जगह दी है। अख्तर का मिडिल ऑर्डर काफी खतरनाक ऑलराउंडर्स से भरा है। 5वें नंबर पर आंद्रे रसेल तो छठे नंबर पर कीरोन पोलार्ड।

सबसे खास बात यह है कि अख्तर ने टीम की कप्तानी भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को दी है। धोनी विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा दो स्पिनर्स के तौर पर हरभजन सिंह और राशिद खान को चुना है। तेज गेंदबाजों की बात की जाए तो यहां ब्रेट ली और लसिथ मलिंगा का नाम है। 

अख्तर की बेस्ट आईपीएल प्लेइंग-11
क्रिस गेल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, आंद्रे रसेल, कीरोन पोलार्ड, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), हरभजन सिंह, राशिद खान, ब्रेट ली और लसिथ मलिंगा.

Content Writer

Jasmeet