शोरिफुल इस्लाम को काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए नहीं मिली मंजूरी, बोर्ड ने बताया कारण

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 11:50 AM (IST)

ढाका : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को काउंटी चैंपियनशिप में केंट के लिए खेलने के लिए ‘अनापत्ति प्रमाणपत्र' (NOC) नहीं दिया। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार शोरिफुल, हसन महमूद के बाद केंट टीम में शामिल होने वाले थे, लेकिन बोर्ड ने उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी क्योंकि उन्हें लगा कि इससे उनके इंटरनेशनल मैचों में खेलने पर जोखिम हो सकता है। 

BCB के क्रिकेट ऑपरेशन इंचार्ज शहरियार नफीस ने बताया, 'शोरिफुल के वकर्लोड और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों को देखते हुए उन्हें NOC नहीं दी, क्योंकि अगले तीन महीनों में हमें पांच टेस्ट, सात टी20 और छह वनडे मैच खेलने हैं।' उन्होंने कहा, 'शोरिफुल ऐसे खिलाड़ी हैं जो सभी फॉर्मेट में खेलते हैं। साथ ही, वह अभी-अभी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर लौटे हैं। इसलिए अगर हम उन्हें 4 काउंटी मैचों के लिए NOC देते हैं, तो उनके शरीर पर जो दबाव पड़ेगा, उसे देखते हुए हमें चिंता है कि वह उन सभी (इंटरनेशनल) मैचों के लिए पूरी तरह फिट नहीं रह पाएंगे।' 

उन्होंने कहा, 'इसीलिए टीम प्रबंधन और चिकित्सा विभाग को लगता है कि उनके लिए खेलने के बजाय प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए फिट और तैयार रहना अधिक जरूरी है।' नफीस ने आगे बताया कि केंट की तरफ से संपर्क किए जाने के बाद उन्होंने एक और तेज गेंदबाज, खालिद अहमद को काउंटी में खेलने के लिए NOC दी है। उन्होंने कहा, 'खालिद को केंट के लिए NOC दी गई क्योंकि वह पूरी तरह फिट हैं और हाल के समय में उन्होंने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev