IND vs ENG: 125 रन की करारी हार के बाद श्रेयस अय्यर का कबूलनामा, बताया कहां हुई सबसे बड़ी चूक
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 10:14 AM (IST)
नॉटिंघम: ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 125 रन से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 200 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी हार और दूसरा सबसे कम स्कोर रहा। मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर नाराजगी जताई।
'125 रन से हार स्वीकार नहीं, ड्रॉइंग बोर्ड पर लौटना होगा'
मैच खत्म होने के बाद श्रेयस अय्यर ने हार पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। 'यह बेहद खराब प्रदर्शन था। इतनी बड़ी हार बिल्कुल स्वीकार नहीं की जा सकती। सबसे पहले हमें इस हार को स्वीकार करना होगा और फिर ड्रॉइंग बोर्ड पर लौटकर अपनी गलतियों पर काम करना होगा। यह 200 रन वाली पिच नहीं थी। पावरप्ले में चार विकेट गंवाने के बाद हमारी लय पूरी तरह टूट गई। मैदान पर हालात के मुताबिक खुद को ढालना पड़ता है, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हार्ड लेंथ गेंदें कारगर रहीं, जबकि हम अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए।'
41 रन पर चार विकेट, इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने तोड़ी भारत की कमर
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज रफ्तार गेंदबाजी के सामने वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा समेत शीर्ष क्रम पूरी तरह बिखर गया। भारत ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए और स्कोर 41/4 हो गया।
इसके बाद कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सका। पूरी टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई और केवल चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। आदिल रशीद ने वरुण चक्रवर्ती का विकेट लेकर भारतीय पारी का अंत किया। भारत 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बने अपने सबसे कम 74 रन के स्कोर से तो बच गया, लेकिन यह उसका टी20 अंतरराष्ट्रीय का दूसरा सबसे कम स्कोर बन गया।
प्रिंस यादव की मेहनत पर फिरा पानी, साल्ट और करन ने दिलाई इंग्लैंड को मजबूत बढ़त
इससे पहले इंग्लैंड ने फिल साल्ट के 70 रन और सैम करन की 41 रन की नाबाद पारी की बदौलत 20 ओवर में 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन दूसरे गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके। जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने गेंद से कहर बरपाते हुए कुल सात विकेट झटके और भारत की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
'हर खिलाड़ी को जिम्मेदारी लेनी होगी'
श्रेयस अय्यर ने कहा कि अब टीम के पास सीखने और वापसी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने की अपील की। 'जब आप लक्ष्य का पीछा करते हैं तो एक लय बनानी पड़ती है, लेकिन हमारा निष्पादन बिल्कुल सही नहीं रहा। अब हमारे पास मजबूती से वापसी करने का अच्छा मौका है। हमने बेहद खराब क्रिकेट खेली है, लेकिन इससे सीख भी काफी मिलेगी। हर खिलाड़ी को खुद आगे आकर मैच में प्रभाव छोड़ने और जिम्मेदारी उठाने का तरीका ढूंढना होगा।'
अब सीरीज के बाकी दो मुकाबलों में भारत की नजर सम्मान बचाने पर होगी, जबकि इंग्लैंड सीरीज में क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

