हमने पावरप्ले में ही मैच गंवा दिया था, RCB से हार के बाद आया अय्यर का बड़ा बयान

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 08:58 PM (IST)

धर्मशाला : पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि रविवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जबरदस्त शुरुआत और फिर 223 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों के बाद उनकी टीम पावरप्ले में ही आईपीएल मुकाबला हार गई। पंजाब किंग्स को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। 

मैच के बाद श्रेयस ने कहा, 'बेशक, उन्होंने शानदार शुरुआत की और फिर पावरप्ले के ठीक बाद गेंदबाजों को निशाना बनाया। मुझे लगता है कि 222 रन तक पहुंचना एक तारीफ के काबिल प्रदर्शन था और हम गेंदबाजी में अधिक विकेट नहीं ले पाए लेकिन मुझे लगता है कि हम मैच पावरप्ले में ही हार गए।' 

पंजाब के कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने पर निराशा जताई, विशेषकर तब जब टीम को पूरे सत्र में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य से लगातार अच्छी शुरुआत मिली थी। उन्होंने कहा, 'हमारे तीन खिलाड़ी आउट हो गए थे और हमारे लिए अधिकतर रन प्रभसिमरन और प्रियांश ने बनाए थे। वे हमें वैसी शुरुआत नहीं दे पाए जैसी पावरप्ले में देते थे। मैं भी जल्दी आउट हो गया। निराश करने वाला प्रदर्शन लेकिन शशांक और स्टोइनिस और बीच में कुछ अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा था।' 

शशांक सिंह ने 27 गेंद में 56 जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंद में 37 रन बनाए लेकिन पंजाब की टीम आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी। इस हार के बावजूद श्रेयस लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ पंजाब के अगले मैच से पहले उम्मीद बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा, 'नतीजे चाहे जो भी हों मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News