IND vs ZIM: सिकंदर रजा के पास सुनहरा मौका, इतिहास रचने से महज इतने रन दूर
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 12:39 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में आज शाम भारत और जिम्बाब्वे के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। चेन्नई के M.A. चिदंबरम स्टेडियम में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम है। भारत के लिए यह सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने का मौका है, जबकि जिम्बाब्वे उलटफेर की तलाश में उतरेगी।
इतिहास रचने के करीब सिकंदर रजा
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा शानदार फॉर्म में हैं और टीम को यहां तक पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। खास बात यह है कि वह टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे करने से सिर्फ 15 रन दूर हैं। अगर रजा यह रिकॉर्ड भारत के खिलाफ छू लेते हैं, तो जिम्बाब्वे के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा।
अब तक 100 से ज्यादा टी20 मैच खेल चुके रजा ने एक शतक और कई अर्धशतक जड़े हैं। मिडिल ऑर्डर में उनकी स्थिरता और जरूरत पड़ने पर तेज रन बनाना जिम्बाब्वे के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है। इस उपलब्धि के साथ रजा विराट कोहली, रोहित शर्मा, बाबर आजम और जॉस बटलर जैसी टी20 स्टार्स की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे।
दोनों टीमों के लिए ‘करो या मरो’ मुकाबला
जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रयान बर्ल ने कहा है कि यह मैच उनके लिए “करो या मरो” है। सुपर-8 के पहले मैच में टीम को वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, इसलिए अब वापसी जरूरी है। भारत भी दबाव में है, क्योंकि उसे पिछले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होगा। एक तरफ भारत जीत की तलाश में उतरेगा, तो दूसरी ओर सिकंदर रजा इतिहास रचने और टीम को यादगार जीत दिलाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

