सिंधु, साइना एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे
punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 03:23 PM (IST)
वुहान (चीन): शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु और साइना नेहवाल ने बुधवार को यहां विपरीत जीत दर्ज करते हुए एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में प्रवेश किया। ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदकधारी सिंधु ने सीधे गेम में जापान की ताकाहाशी सयाका को सीधे गेम में पराजित किया। सिंधु शुरू से ही दबदबा बनाए थीं और उन्होंने महज 28 मिनट में 21-14 21-7 से जीत हासिल की। चौथी वरीयता प्राप्त यह भारतीय खिलाड़ी अब अगले दौर में इंडोनेशिया की चोईरूनिसा से भिड़ेंगी।
दुनिया की नौंवे नंबर की खिलाड़ी साइना को हालांकि चीन की हान युए को पछाड़ने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सातवीं वरीय भारतीय ने पहला गेम गंवाने के बाद मजबूती से वापसी करते हुए 12-21, 21-11, 21-17 से रोमांचक जीत दर्ज की। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक जीतने वाली साइना अब दक्षिण कोरिया की किम गा युन से भिड़ेंगी। पुरूष एकल में समीर वर्मा ने जापान के सकाई काजुमासा पर कड़े मुकाबले में 21-13, 17-21, 21-18 से जीत हासिल की।
अब दुनिया के 15 वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी का सामना हांगकांग के निग का लोंग एंगुस से होगा। पुरूष युगल में हालांकि एम आर अर्जुन और रामचंद्रन श्लोक के हारने से सफर खत्म हो गया। महिला युगल में मेघना जाकामपुडी और पूर्विशा एस राम की जोड़ी थाईलैंड की जोंगकोलफान किटिटहाराकुल और राविंडा प्रजोंगजाई की जोड़ी से 21-13, 21-16 से पराजित हो गई।