स्कीट निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन, विश्व कप में भारत 12वें स्थान पर

punjabkesari.in Sunday, Apr 29, 2018 - 05:43 PM (IST)

नई दिल्लीः स्कीट निशानेबाजों के भी निराशाजनक प्रदर्शन के कारण भारत आज दक्षिण कोरिया के चांगवन में समाप्त हुए दूसरे आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/ पिस्टल/ शॉटगन निशानेबाजी) में पदक तालिका में 12वें स्थान पर रहा। स्कीट निशानेबाजी में शीराज शेख कल पहले दौर में 50 में से 49 स्टीक निशाने लगा कर 11वें स्थान थे। आज 25 निशानों के दौर में उन्होंने क्रमश: 23, 22 और 24 निशाने लगाये और कुल 118 के स्कोर के साथ 23वें स्थान पर रहे।

इस स्पर्धा में दो अन्य भारतीय स्मिट सिंह और अंगद बाजवा एक समान 116 के स्कोर किया और वे क्रमश: 37वें और 43वें स्थान पर रहे। फाइनल में जगह बनाने वाले छह निशानेबाजों का स्कोर 121 और उससे ज्यादा था। ओलंपिक में दो स्वर्ण और तीन बार विश्व चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम करने वाले अमेरिका के विन्सेंट हैनकॉक ने इसके विजेता बने। इस महान निशानेबाज ने इस साल हुए विश्व कप के दोनों चरणों में जीत दर्ज की। फाइनल में उन्होंने एक बार फिर विश्व रिकार्ड की बराबरी करते हुए 60 में से 59 का स्कोर किया।

शहजार रिजवी के पुरूषों के 10 मीटर स्पर्धा में रजत पदक के बूते भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर रहा। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले 70 देशों में से 24 पदक तालिका में जगह बनाने में सफल रहे। चीन चार स्वर्ण पदक के साथ शीर्ष पर रहा जिसके बाद रूस (तीन स्वर्ण) और अमेरिका (दो स्वर्ण) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

Punjab Kesari