स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, मिताली राज को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:05 AM (IST)
दुबई (UAE) : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी ही देश की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। 30 साल की मंधाना ने गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हांगकांग के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 के ग्रुप ए मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंदों में 124 रनों की पारी खेलकर मिताली राज के 10,868 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा। महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में अब सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप पांच खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना (10,880 रन) पहले नंबर पर हैं, उनके बाद मिताली राज, न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10,740 रन), इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स (10,273 रन) और वेस्ट इंडीज की स्टेफनी टेलर (10,007 रन) का नाम आता है।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 खिलाड़ी
स्मृति मंधाना - 10,880 रन
मिताली राज - 10,868 रन
सूजी बेट्स - 10,740 रन
चार्लोट एडवर्ड्स - 10,273 रन
स्टेफनी टेलर - 10,007 रन
मंधाना की इस रिकॉर्ड-तोड़ पारी में महिला टी20 एशिया कप के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बना, हांगकांग के खिलाफ उनके 124 रनों ने 2024 में दांबुला में मलेशिया के खिलाफ चमारी अथापथु की नाबाद 119 रनों की पारी का रिकॉर्ड तोड़ा। टॉप पांच में 2018 में मलेशिया के खिलाफ मिताली राज की नाबाद 97 रनों की पारी, 2022 में थाईलैंड के खिलाफ श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा की 81 रनों की पारी और 2024 में नेपाल के खिलाफ भारत की शैफाली वर्मा की 81 रनों की पारी भी शामिल हैं।
महिला टी20 एशिया कप के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
स्मृति मंधाना - 124
चमारी अथापथु - नाबाद 119 रन
मिताली राज - नाबाद 97
हर्षिता समरविक्रमा - 81 रन
शैफाली वर्मा - की 81 रन
भारत बनाम हांगकांग मैच
मैच की बात करें तो सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के तेजतर्रार शतक के बाद दीप्ति शर्मा की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने महिला एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच में बृहस्पतिवार को यहां हांगकांग पर 137 रन की एकतरफा जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
भारत के 194 रन के कड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हांगकांग की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (नौ रन पर 3 विकेट), तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा (छह रन पर 2 विकेट), लेग लेग स्पिनर प्रेमा रावत (12 रन पर 2 विकेट) और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (16 रन पर 2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर ढेर हो गई। हांगकांग ने अपने अंतिम छह विकेट सिर्फ चार रन पर गंवाए। हांगकांग की ओर से कप्तान नताशा माइल्स ने सर्वाधिक 15 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ मरीना लैमप्लो (14) और यास्मिन दसवानी (11) की दोहरे अंक में पहुंच सकी।

