किसी दिन सुबह उठूंगा और कटवा दूंगा- लंबे बालों पर बोले महेंद्र सिंह धोनी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 27, 2023 - 07:50 PM (IST)

खेल डैस्क : भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में खुलासा किया कि वह अपने प्रशंसकों के लिए अपने बालों को फिर से लंबा कर रहे हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने स्टाइल को बनाए रखने में आती कठिनाइयों पर भी बात की। 


धोनी का जब डैब्यू हुआ था तब वह लंबे बाल रखते थे। पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई शतकीय पारी के बाद तब के पाक राष्ट्रपति परवेज मुशरफ भी उनकी तारीफ करने से पीछे नहीं हटे थे। 2007 में जब टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप जीता तो उसके बाद धोनी ने अपने बाल छोटे करवा लिए। यही नहीं भारतीय टीम जब 2011 विश्व कप में जीती तो भी कप्तान धोनी ने अपने बाल कटवाए थे। इसके बाद वह ज्यादा लंबे बालों में नहीं दिखे।

 

 


अब बतौर कप्तान आईपीएल के अंतिम वर्षों में वह एक बार फिर से लंबे बालों में दिख रहे हैं। धोनी ने एक कार्यक्रम के दौरान लंबे बालों पर बात करते हुए कहा कि इस हेयरस्टाइल को बनाए रखना बहुत मुश्किल है। पहले मैं 20 मिनट में तैयार हो जाता थी, लेकिन अब 1 घंटा 10 मिनट लग जाते हैं। मैं ऐसा इसलिए कर रहा हूं क्योंकि प्रशंसक इसे पसंद कर रहे हैं, लेकिन किसी दिन मैं जागूंगा और फैसला करूंगा कि अब बहुत हो गया, मैं इसे कम कर दूंगा। 

 

 

42 वर्षीय धोनी को हाल ही में दुबई में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ पार्टी करते देखा गया था। इसके बाद धोनी की क्रिसमस मनाते की फोटो भी आई थी। फिलहाल धोनी आईपीएल 2024 की तैयारी कर रहे हैं। आईपीएल 2023 सीजन धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने ही जीता था। ऐसा कर चेन्नई ने अपना पांचवां खिताब जीतकर मुंबई इंडियंस की बराबरी की थी।
 

Content Writer

Jasmeet