कभी ना कभी तो मीडिया के सामने आएंगे विराट-अनुष्का: सानिया मिर्जा

punjabkesari.in Monday, Dec 18, 2017 - 06:14 PM (IST)

नई दिल्ली: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी 2017 की सबसे चर्चित शादी रही। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट की और सब ने उनको बधाई भी दी। हालांकि अभी तक उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कहा कि मीडिया से बचने के लिए दोनों ने भारत से बाहर शादी की लेकिन कभी न कभी तो उन्हें मीडिया का सामना करना ही होगा।

सानिया ने कहा, "विराट और अनुष्का लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। वे एक-दूसरे को बहुत प्यार करते हैं और उनका शादी करना तय था। मीडिया से बचने के लिए उन्होंने भारत में शादी नहीं करने का फैसला किया और इसके चलते इटली को चुना। लेकिन उन्हें कभी न कभी तो मीडिया का सामना करना ही होगा।"

इसलिए नहीं हो पाएंगी रिसेप्शन में शामिल
विराट और अनुष्का की शादी का रिसेप्शन 21 दिसंबर को नई दिल्ली में और मुंबई में 26 दिसंबर को होना है। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी के रिसेप्शन में शामिल नहीं हो पाएंगी। सानिया ने हाल ही में कहा, 'मैं विराट-अनुष्का के दिल्ली या मुंबई रिसेप्शन में शामिल नहीं हो पाउंगी क्योंकि मैं 21 दिसंबर को भारत के बाहर जा रही हूं। मैं 21 दिसंबर से दुबई में रहूंगी।"