सोफी डिवाइन महिला T20I में 5वीं सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 07:01 PM (IST)
वेलिंग्टन (न्यूजीलैंड) : न्यूजीलैंड की अनुभवी खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को पीछे छोड़ते हुए महिला T20I इतिहास में पांचवीं सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी का मुकाम हासिल कर लिया। डिवाइन ने यह उपलब्धि अपनी टीम के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए चौथे T20I मैच के दौरान हासिल की। इस मैच में डिवाइन ने 34 गेंदों में 64 रनों की पारी खेली जिसमें 6 चौके और चार छक्के शामिल थे। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 188.23 का रहा और वह पूरी तरह से आत्मविश्वास से भरी नजर आईं।
अब डिवाइन ने 150 T20I मैचों की 146 पारियों में 28.69 की औसत और 121.59 के स्ट्राइक रेट से कुल 3,587 रन बनाए हैं। उनके T20I करियर में एक शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं मूनी ने 117 मैचों की 111 पारियों में 41.57 की औसत और 125 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 3,534 रन बनाए हैं। उनके खाते में 2 शतक, 28 अर्धशतक और 117* का सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज है।
महिला T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी डिवाइन की लंबे समय से टीममेट रहीं सूजी बेट्स हैं। उन्होंने 181 मैचों की 175 पारियों में 28.93 की औसत और 108.56 के स्ट्राइक रेट से 4,717 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।
मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद एनेरी डर्कसेन (32 गेंदों में 55*, जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल था), सुने लुस (29 गेंदों में 30 रन, जिसमें चार चौके शामिल थे) और नादिन डी क्लर्क (14 गेंदों में 20 रन, जिसमें दो चौके शामिल थे) की पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका 20 ओवरों में 159/6 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। न्यूजीलैंड की ओर से जेस केर (चार ओवरों में 3/16) सबसे सफल गेंदबाज रहीं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 7.5 ओवर में 57/2 के स्कोर पर थी, लेकिन कप्तान अमेलिया केर (29 गेंदों में 31 रन, चार चौकों के साथ) और डिवाइन (34 गेंदों में 64 रन, छह चौकों और चार छक्कों के साथ) की शानदार पारियों की बदौलत टीम ने 9 गेंदें और छह विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। 5 मैचों की इस सीरीज में NZ ने 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है।

