खेल मंत्रालय ने दी सफाई, बताया आखिर क्यों 0 अंक के बावजूद कोहली 'खेल रत्न' अवाॅर्ड के लिए चुने गए

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 04:01 PM (IST)

नई दिल्लीः राजीव गांधी खेल रत्न के लिए इस साल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और वेट लिफ्टर मीराबाई चानू को चुना गया है। लेकिन इस बीच कॉमनवेल्थ के बाद एशियाई गेम्स की रेसलिंग प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले बजरंग पुनिया नाराज हो गए हैं। बजरंग का कहना है कि उनकी उपलिब्धयां बाकी प्लेयर्स से ज्यादा हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कोहली को लेकर सवाल उठाए गए कि अगर कोहली के अंक जीरो हैं, तो उन्हें इस अवाॅर्ड के लिए क्यों चुना गया, जबकि 90 अंक बटोरने वाले बजरंग को यह अवाॅर्ड मिलना चाहिए। इस बीच खेल मंत्रालय ने ट्विटर के जरिए स्पष्ट किया कि आखिर क्यों कोहली को खेल रत्न अवाॅर्ड के लिए चुना गया। 

खेल मंत्रालय ने टि्वटर पर कहा, ''प्वाइंट सिस्टम का उपयोग एक खेल के भीतर खिलाड़ियों में अंतर दिखाने के लिए किया जाता है, न कि विभिन्न खेलों का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में अंतर दिखाने के लिए। विराट कोहली आईसीसी रैंकिंग के 3 प्रारूपों में से 2 में टॉप पर हैं, जबकि मीराबाई चानू वर्तमान में ओलिंपिक खेल में एकमात्र भारतीय विश्व चैम्पियन हैं। इसी आधार पर खेल मंत्रालय की ओर से दोनों खिलाड़ियों को खेल रत्न के लिए चुना गया है।''

खेल मंत्रालय ने देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार पर गुरुवार को मुहर लगा दी थी। यह सम्मान 25 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों दिए जाएंगे। कोहली और चानू को मेडल और प्रशस्ति पत्र सहित 7.5 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, बजरंग ने सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी। 

बजरंग ने इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों और जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय कुश्ती महासंघ द्वारा खेल रत्न के लिये नामांकित किया गया था। लेकिन सरकार ने यह पुरस्कार संयुक्त रूप से भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और विश्व चैम्पियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू (48 किग्रा) को देने का फैसला किया।

Rahul