Sports Year Ender 2021 : दुनिया भर में व्यवस्था के खिलाफ खड़े हुए प्लेयर, भुगती सजा

punjabkesari.in Thursday, Dec 30, 2021 - 03:06 PM (IST)

खेल डैस्क : कोरोना कमजोर होते ही दुनिया भर में खेलों के तमाम बड़े इवैंट हुए- ओलिम्पिक, यू.ई.एफ.ए. यूरो कप, कोपा अमरीका, आई.सी.सी. टी-20 विश्व कप। लेकिन सभी इवैंट्स में खूब विवाद हुए। खिलाड़ी सीधे तौर पर प्रबंधन के विरोध में आए। ऐसा हर खेल में हुआ।

अनुशासनहीनता में विनेश फोगाट सस्पैंड


विनेश फोगाट को टोक्यो ओलिम्पिक में अनुशासनहीनता के लिए भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यू.एफ.आई.) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। 3 नोटिस जारी हुए। बेलारूस की वेनेसा कलादजस्किाया से हारने के बाद विनेश ओलिम्पिक गांव में नहीं रहीं। उन्होंने टीम प्रायोजक के लोगो वाली जर्सी नहीं पहनी। इससे पहले भी उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट की अनुमति न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की थी। बताया गया चारों भारतीय महिला पहलवानों को एक कमरा मिला था जिससे विनेश नाराज थी।

कोच के खिलाफ हुई मनिका बत्रा


टेबल टैनिस प्लेयर मनिका बत्रा ओलिम्पिक में राष्ट्रीय कोच सौम्यदीप रॉय की मदद लेने से इनकार करने के कारण विवाद में आ गई। मनिका ने ओलिम्पिक से पहले अपने निजी कोच सन्मय परांजपे के लिए अनुमति मांगी थी लेकिन साई ने उन्हें मना कर दिया। बत्रा ने रॉय पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- रॉय ने उन्हें एक मैच में हारने के लिए कहा था।

नाओमी ओसाका


फ्रैंच ओपन की शुरुआत से पहले टैनिस प्लेयर नाओमी ओसाका ने ट्विट किया कि वह प्रैस वार्ता नहीं करेगी। फ्रैंच ओपन के आयोजकों ने पहले दौर के मैच के बाद प्रैस वार्ता में हिस्सा न लेने पर ओसाका पर जुर्माना लगाया था। ओसाका ने जुर्माना सहा फिर टूर्नामैंट छोड़ दिया।

ऑस्ट्रेलियन ओपन में जोकोविच की मांग

विश्व नंबर एक टैनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलिया ओपन में खेलने से पहले कई शर्तें रखीं। उन्होंने कहा- सभी खिलाडिय़ों को होटल के कमरों में क्वारेंटाइन तभी किया जाए जब वहां फिटनेस और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध हो। इसके अलावा अच्छा भोजन, निजी कोच या फिजिकल ट्रेनर के साथ जाने की अनुमति भी मांगी। लेकिन उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया।

मनु भाकर बनाम जसपाल राणा


2020 टोक्यो ओलिम्पिक में मनु भाकर की गेम के दौरान पिस्टल खराब हो गई। मनु तब 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन खेल रही थी। गन निर्माता कंपनी ने संपर्क न करने के आरोप लगाए। वहीं, पूर्व कोच जसपाल राणा के साथ भी मनु की तीखी नोकझोंक की खबर आई।

टेक ए नी का डी-कॉक ने किया विरोध


दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी-कॉक ने विंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज शुरू होने से पहले टेक ए नी करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा अचानक आए संदेश से वह निराश थे।

टिम पेन ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी छोड़ी


एशेज की शुरूआत से पहले टिम पेन ने टैस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी और अनिश्चितकालीन समय के लिए मैंटल हैल्थ ब्रेक पर चले गए। पेन पर क्रिकेट से जुड़ी पूर्व महिला सहयोगी को गलत मैसेज भेजने का आरोप लगा था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसका संज्ञान लिया जिससे पेन पर दबाव बन गया।

चीनी टैनिस प्लेयर पेंग शुआई हुई लापता


चीनी टैनिस स्टार पेंग शुआई चर्चा में हैं। उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व नेता झांग गाओली पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था। इसके बाद वह गायब हो गई। टैनिस सितारों और कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इसके लिए आवाज उठाई। पूर्व फ्रैंच ओपन और विम्बलडन डबल्स चैम्पियन ने दावा किया था कि सेवानिवृत्त वाइस प्रीमियर झांग गाओली ने उन्हें 3 साल पहले यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया था। डब्ल्यू.टी.ए. ने पेंग की सुरक्षा की पुष्टि करने और उसके आरोपों की जांच करने के लिए चीन पर सक्रिय रूप से दबाव डाला और 1 दिसंबर को देश के सभी टूर्नामैंटों को निलंबित कर दिया। व्हाइट हाउस, संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ भी पेंग के बचाव में आए और उनके आरोपों और गायब होने की जांच की मांग की।


 

Content Writer

Jasmeet