IPL 2026: SRH ने रचा इतिहास, 244 रन चेज कर हासिल की बड़ी उपलब्धि

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 11:04 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 244 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया। यह SRH की IPL में 100वीं जीत रही जो एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही IPL 2026 में 200+ रन के लक्ष्य का यह 10वां सफल चेज रहा, जो एक सीजन में सबसे ज्यादा है।

हेड और क्लासेन का तूफान, रिकेल्टन की पारी पर भारी

इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए मैच का रुख बदल दिया। हेड ने 30 गेंदों में 76 रन ठोके, जबकि क्लासेन ने नाबाद 65 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। दोनों की बल्लेबाजी के आगे रयान रिकेल्टन का 123* रन का शतक भी फीका पड़ गया।

MI की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की इस मैच में जमकर पिटाई हुई। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और अन्य गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे।यह IPL इतिहास में सिर्फ दूसरी बार हुआ जब MI 200+ स्कोर डिफेंड करने में नाकाम रही।

SRH का IPL सफर और रिकॉर्ड

2013 में डेब्यू करने वाली SRH अब तक 205 मैच खेल चुकी है, जिसमें टीम ने 100 जीत दर्ज की हैं। टीम ने 2016 में खिताब जीता था और 2018 व 2024 में रनर-अप रही। इस सीजन में भी टीम शानदार फॉर्म में है और प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा रही है।

IPL 2026 में बन रहे बड़े रिकॉर्ड

इस सीजन में अब तक 200+ रन के 10 सफल चेज हो चुके हैं, जो पिछले सीजन के 9 चेज से ज्यादा हैं। इसमें सबसे बड़ा चेज पंजाब किंग्स ने 265 रन का किया था, जो टी20 इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है।

मैच का हाल

पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 243/5 का बड़ा स्कोर बनाया। रयान रिकेल्टन ने 55 गेंदों में नाबाद 123 रन की शानदार पारी खेली।जवाब में SRH ने ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन की दमदार पारियों के दम पर लक्ष्य को 6 विकेट और 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमों की स्थिति

इस जीत के साथ SRH ने 9 मैचों में 6 जीत हासिल कर 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा बनाए रखा है। वहीं मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर है और प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए उसे अपने बाकी मैच हर हाल में जीतने होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News