SRH vs KKR : हेनरिक क्लासेन के 300 टी20 छक्के पूरे, बोले- मैंने हर गेंद पर छक्का मारने की कोशिश की

punjabkesari.in Sunday, May 25, 2025 - 09:45 PM (IST)

खेल डैस्क : दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने पुरुष टी20 क्रिकेट में 300 छक्के पूरे कर लिए हैं। क्लासेन ने रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2025 में केकेआर के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की। प्रोटियाज बल्लेबाज ने मैच में अपना पहला छक्का लगाकर इस क्लब में प्रवेश किया। इस प्रारूप में उनका स्ट्राइक-रेट लगभग 150 है। क्लासेन ने अपने 247वें टी20 (226 पारी) में 300 छक्के पूरे किए।

क्लासेन ने कोलकाता के खिलाफ 37 गेंदों पर शतक लगाने के बाद कहा कि अज बहुत खुश हूं, यह निराशा का लंबा सीजन रहा है। सौभाग्य से, मैं अपनी प्रक्रिया पर कायम रहा और अब अपना फॉर्म हासिल कर लिया। इस ब्रांड की क्रिकेट खेलने के लिए फ्रैंचाइजी ने बहुत समय और पैसा खर्च किया है, और यह हमारे ऊपर था कि हम इस जिम्मेदारी को कैसे निभाएं। 


अपनी तेजतर्रार पारी पर क्लासेन ने कहा कि मैंने आज हर गेंद पर छक्का मारने की कोशिश की, नरेन का एक स्पेल ऐसा था जहां यह काफी मुश्किल था, लेकिन मैंने सुधार करने की कोशिश की। हार्ड लेंथ खेलना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन कभी कभी आप कामयाब हो जाते हो। वहीं, नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने पर उन्होंने कहा कि मैं एक स्थिति के अनुसार खेलने वाला खिलाड़ी हूं, डगआउट में यही विचार होता है। अगर हम पावरप्ले के बाद या पावरप्ले के अंत में कोई विकेट खो देते हैं, तो मैं बस बल्लेबाजी करने उतर जाता हूं। 

 

नवंबर 2011 में टी20 में पदार्पण करने वाले प्रोटियाज बल्लेबाज में विस्फोटक पारियां खेलने की प्रवृत्ति है। स्पिनरों के खिलाफ अपने हिट्स के लिए वह सबसे अलग हैं। क्लासेन ने टी20 क्रिकेट में 149 से अधिक की स्ट्राइक-रेट से 5,400 से अधिक रन बनाए हैं। उनके 1,300 से अधिक रन आईपीएल में आए हैं।

क्लासेन के टी20 के 52 छक्के दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय मैचों में आए हैं। वे इस प्रारूप में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले केवल आठ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों में से एक हैं। डेविड मिलर 128 छक्कों के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं। 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में क्लासेन ने 140 से अधिक की स्ट्राइक-रेट से 1,000 रन बनाए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News