श्रीकांत, अंजुम चोपड़ा को मिलेगा सीके नायडू आजीवन उपलब्धि पुरस्कार

punjabkesari.in Saturday, Dec 28, 2019 - 12:31 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत को इस साल बीसीसीआई पुरस्कारों में प्रतिष्ठित सीके नायडू आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा को भी वर्ष 2019 के पुरस्कारों में आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से नवाजा जाएगा। 

PunjabKesari
बीसीसीआई सूत्रों ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘श्रीकांत और अंजुम को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। बीसीसीआई में हर किसी का मानना है कि वे इस पुरस्कार के लिये उपयुक्त पसंद हैं।' श्रीकांत ने 1981 से 1992 तक भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह एस वेंकटराघवन और रविचंद्रन अश्विन के साथ तमिलनाडु क्रिकेट के शीर्ष क्रिकेटरों में शामिल हैं। साठ वर्षीय श्रीकांत ने 43 टेस्ट मैच खेले जिसमें दो शतक और 12 अर्धशतकों की मदद से 2062 रन बनाए।

विश्व कप 1983 के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने सर्वाधिक 38 रन बनाए थे। श्रीकांत को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए कप्तान नियुक्त किया गया। यह वही श्रृंखला थी जिसमें सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। यह श्रृंखला ड्राॅ रही लेकिन इसके बाद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया था। उन्होंने 1992 विश्व कप के बाद संन्यास ले लिया था। अंजुम को मिताली राज से पहले भारत की सर्वश्रेष्ठ महिला बल्लेबाज माना जाता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

neel

Recommended News

Related News