सुल्तान जोहोर कप : भारत ने मलेशिया को 4-2 से हराया

punjabkesari.in Tuesday, Oct 22, 2024 - 10:05 PM (IST)

जोहोर बाहरू (मलेशिया) : 3 बार के चैंपियन भारत ने मंगलवार को यहां सुल्तान जोहोर कप जूनियर पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में मेजबान मलेशिया को 4-2 से हराकर अपना अजेय क्रम जारी रखा। इस जीत के बाद भारत 9 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर है जबकि न्यूजीलैंड 5 अंकों के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत के लिए शारदा नंद तिवारी (11वें), अर्शदीप सिंह (13वें), तालेम प्रियाव्रत (39वें) और रोहित (40वें मिनट) ने गोल किए, जबकि मलेशिया के लिए मुहम्मद दानिश अइमान (8वें) और हैरिस उस्मान (9वें मिनट) ने गोल किया।


मलेशिया ने इस मुकाबले में जोरदार शुरुआत कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था। घरेलू टीम ने कप्तान मुहम्मद अदी जाजमी जमलुस के बनाये मौके पर मोहम्मद दानिश अमान के मैदानी गोल से 8वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। उस्मान हैरिस ने पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से टीम ने एक मिनट बाद अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। भारत की अग्रिम पंक्ति ने हालांकि आक्रामक खेल जारी रखते हुए दबाव को हावी नहीं होने दिया। शानदार लय में चल रहे ड्रैग फ्लिकर शारदा नंद सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर मुकाबले में भारत की वापसी करायी। इसके दो मिनट के बाद मनमीत सिंह की मदद से अर्शदीप ने मैदानी गोल कर स्कोर को बराबर कर दिया। मैच के शुरुआती क्वार्टर में चार गोल हुए लेकिन दूसरा क्वार्टर गोलरहित रहा।


मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर के खेल में दोनों टीमों ने बढ़त लेने के लिए पूरी जोरआजमाईश की लेकिन सफलता भारत को मिली। प्रियव्रत ने सर्कल के किनारे से गोल कर मैच के 39वें मिनट में भारत ने 3-2 की बढ़त दिला दी। इसके बाद रोहित ने बेहतरीन पेनल्टी कॉर्नर स्ट्राइक से भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। मलेशिया ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन टीम इसे गोल में बदलने में विफल रही। इसके बाद दोनों टीमें गोल करने के मौके को भुनाने में नाकाम रही और भारत ने 4-2 की जीत दर्ज की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News