IPL 2026 के फाइनल में कौन खेलेगा? सुनील गावस्कर ने कर दी भविष्यवाणी
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 03:09 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: पूर्व भारतीय कप्तान Sunil Gavaskar ने IPL 2026 के फाइनल को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद गावस्कर ने कहा कि उन्हें अब भी Punjab Kings और Royal Challengers Bengaluru इस सीजन के फाइनलिस्ट नजर आते हैं।
‘हार कभी-कभी टीम के लिए फायदेमंद होती है’
गावस्कर का मानना है कि लगातार हार किसी टीम को फिर से संभलने का मौका देती है और खिलाड़ियों को सतर्क बनाती है। उन्होंने जियोस्टार पर कहा, 'मैं अब भी पंजाब किंग्स का समर्थन करूंगा। कई बार कुछ हार टीम को रीसेट होने का मौका देती हैं और खिलाड़ी जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास में नहीं रहते।'
उन्होंने आगे कहा, 'दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन कई ऐसे मैच गंवाए हैं, जिन्हें उन्हें जीतना चाहिए था। पंजाब को इस दौर की अहमियत पता होगी और वे लगातार हार के बाद आत्मविश्वास खोना नहीं चाहेंगे। मुझे अब भी पंजाब किंग्स और RCB इस सीजन के फाइनलिस्ट लगते हैं।'
PBKS की फॉर्म पर क्या बोले गावस्कर?
सीजन की शुरुआत में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया था और पहले सात मैचों में अजेय रही थी। हालांकि इसके बाद टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है। बावजूद इसके, 13 अंकों के साथ टीम अभी भी पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में बनी हुई है।
RCB ने MI को हराकर बदला समीकरण
RCB ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। RCB ने 11 मैचों में सातवीं जीत हासिल की और प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की यह आठवीं हार रही, जिसके बाद पांच बार की चैंपियन टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
मुंबई इंडियंस को युवाओं पर दांव लगाने की सलाह
गावस्कर ने मुंबई इंडियंस के बाकी बचे मुकाबलों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, 'T20 क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। सीजन खत्म होने के बाद टीम को अपनी गलतियों का विश्लेषण करना चाहिए। लेकिन फिलहाल मुझे लगता है कि सीनियर खिलाड़ियों ने अपना पूरा योगदान दिया है।'
उन्होंने आगे कहा, 'अब बाकी मैचों में युवा खिलाड़ियों को मौका देना सही रहेगा। इससे फ्रेंचाइजी को पता चलेगा कि ये खिलाड़ी दबाव में कैसा प्रदर्शन करते हैं और भविष्य में टीम के लिए कितने उपयोगी साबित हो सकते हैं।'
पंजाब और दिल्ली के बीच अहम मुकाबला
पंजाब किंग्स अब धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में Delhi Capitals से भिड़ने वाली है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पंजाब जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी, जबकि दिल्ली की नजर वापसी पर होगी।

