क्रोएशिया सुपर रैपिड एवं ब्लिट्ज : अलीरेज़ा फिरोज़ा बने चैंपियन, गुकेश पर रोमांचक जीत ने बदली बाजी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 01:05 PM (IST)

क्रोएशिया (निकलेश जैन)। फ्रांस के शीर्ष ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फिरोज़ा ने सुपर रैपिड एवं ब्लिट्ज क्रोएशिया 2026 का खिताब बेहद रोमांचक अंदाज में अपने नाम कर लिया। उजबेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के साथ 23.5-23.5 अंकों की बराबरी के बाद फैसला टाईब्रेक और फिर आर्मागेडन मुकाबले तक पहुंचा, जहां काले मोहरों से ड्रॉ खेलकर फिरोज़ा चैंपियन बनने में सफल रहे।

हालांकि अंतिम दिन की शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि फिरोज़ा आसानी से खिताब जीत लेंगे। ब्लिट्ज के पहले दिन उन्होंने 9 में से 8 अंक बनाकर तीन अंकों की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन दूसरे दिन उनका प्रदर्शन पूरी तरह बिखर गया। शुरुआती सात मुकाबलों में वह केवल दो अंक ही जुटा सके और अब्दुसत्तोरोव ने लगातार अच्छे खेल के दम पर उनसे बढ़त छीन ली।

भारतीय विश्व चैंपियन डी. गुकेश इस खिताबी दौड़ में निर्णायक भूमिका निभाते नजर आए। अंतिम दौर से पहले फिरोज़ा के खिलाफ गुकेश ने शानदार खेल दिखाते हुए लगभग जीती हुई स्थिति बना ली थी। यदि गुकेश यह मुकाबला जीत जाते तो फिरोज़ा का खिताब जीतने का सपना वहीं समाप्त हो जाता। लेकिन समय के दबाव में फिरोज़ा ने शानदार संसाधन खोजे, बाजी पलट दी और यह मुकाबला जीतकर टाईब्रेक में पहुंचने का मौका बना लिया।

खिताब जीतने के बाद फिरोज़ा ने स्वीकार किया कि गुकेश के खिलाफ मिली जीत पूरे टूर्नामेंट की सबसे महत्वपूर्ण जीत थी। उन्होंने कहा, "मुझे हर हाल में यह मुकाबला जीतना था ताकि मैं टाईब्रेक तक पहुंच सकूं। मैं खुश हूं कि मुश्किल स्थिति में भी सही रास्ता खोज पाया।"

टाईब्रेक के दोनों ब्लिट्ज मुकाबले ड्रॉ रहने के बाद विजेता का फैसला आर्मागेडन गेम से हुआ। इस मुकाबले में फिरोज़ा ने काले मोहरों से सटीक खेल दिखाते हुए ड्रॉ हासिल किया और नियमों के अनुसार चैंपियन बन गए।

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 अंकों के साथ संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने फ्रांस के मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव की बराबरी की और जर्मनी के विन्सेंट कीमर को पीछे छोड़ते हुए पोडियम पर जगह बनाई।

टूर्नामेंट के बाद फिरोज़ा ने कहा कि अंतिम दिन उनके करियर का सबसे खराब ब्लिट्ज दिन था, लेकिन कठिन परिस्थितियों में वापसी कर खिताब जीतना उनके लिए बेहद संतोषजनक रहा। इस जीत के साथ उन्होंने ग्रैंड चेस टूर के इस महत्वपूर्ण पड़ाव का खिताब अपने नाम कर लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News