विराट कोहली का रिकॉर्ड खतरे में, सूर्यकुमार टी20 में बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब पहुंचे
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 04:27 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए जबरदस्त वापसी की है। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया और इस दौरान सूर्या को छठी बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
इस उपलब्धि के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे अब केवल विराट कोहली (7 अवॉर्ड) हैं, जबकि सूर्या अब वानिंदु हसरंगा (6) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।
कोहली का रिकॉर्ड अब खतरे में
सूर्यकुमार यादव जिस फॉर्म में नजर आ रहे हैं, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह विराट कोहली के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं। मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि कोहली का सात ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ वाला रिकॉर्ड अब खतरे में है।
खराब दौर से दमदार वापसी
यह सीरीज सूर्यकुमार यादव के लिए व्यक्तिगत तौर पर बेहद खास रही। इससे पहले वह 23 पारियों तक अर्धशतक नहीं लगा पाए थे, लेकिन दूसरे टी20 मैच से उन्होंने अपनी लय वापस पा ली।
मैच के बाद सूर्या ने कहा, 'एक साल तक सब कुछ ठीक नहीं था, लेकिन मुझे भरोसा था कि मेरा वक्त आएगा। मैं आउट ऑफ फॉर्म नहीं था, बस रन नहीं आ रहे थे।'
वर्ल्ड कप से पहले सूर्या का दमदार संदेश
टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह भारत की आखिरी टी20 सीरीज थी, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने तीन अर्धशतक जड़े। उन्होंने सीरीज में 242 रन, औसत: 80.66, स्ट्राइक रेट: 196+ के साथ शानदार प्रदर्शन किया और साबित कर दिया कि वह बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
पांचवें टी20 में भारत का बल्लेबाजी तूफान
पांचवें और अंतिम टी20 में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन (103 रन, 43 गेंद), सूर्यकुमार यादव (63 रन, 30 गेंद) के बीच 137 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद हार्दिक पांड्या की 17 गेंदों में 42 रन की पारी ने भारत को 271/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
गेंदबाजों ने लगाई जीत की मुहर
272 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने फिन एलन (80 रन) के दम पर संघर्ष किया, लेकिन अर्शदीप सिंह (5/51), अक्षर पटेल (3/33) की शानदार गेंदबाजी के सामने कीवी टीम 225 रन पर ढेर हो गई। भारत ने मुकाबला 46 रन से जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली।

