सूर्यकुमार यादव ने रचा इतिहास, टी20 में एसा करने वाले मात्र दूसरे भारतीय बने

punjabkesari.in Wednesday, Oct 29, 2025 - 05:27 PM (IST)

मेलबर्न: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 छक्के पूरे करते हुए इतिहास रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले रोहित शर्मा के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

पहले टी20 में सूर्यकुमार ने चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी संभाली और शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने जोश हेजलवुड की गेंद पर पांचवें ओवर में पहला छक्का जड़ा, जबकि उनका 150वां छक्का नाथन एलिस के ओवर में आया। इसी के साथ उन्होंने अपने नाम एक नया कीर्तिमान दर्ज किया।

रोहित शर्मा के नाम फिलहाल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 205 छक्के हैं। सूर्यकुमार यादव अब उस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, रोहित को पीछे छोड़ने के लिए सूर्यकुमार को अभी लंबा सफर तय करना होगा।

इस उपलब्धि के साथ सूर्यकुमार ने निकोलस पूरन और ग्लेन मैक्सवेल को पछाड़ते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे अब केवल रोहित शर्मा (205), मुहम्मद वसीम (187), मार्टिन गप्टिल (173) और जोस बटलर (172) हैं।

बारिश के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मुकाबला रद्द घोषित करना पड़ा। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमें आगामी दूसरे टी20 मैच की तैयारी में जुट गई हैं, जो 31 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जाएगा। टीम इंडिया को उम्मीद है कि सूर्यकुमार अपनी लय बरकरार रखेंगे और टीम को बढ़त दिलाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News