IND vs USA: कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार की ऐतिहासिक पारी, एलीट लिस्ट में बाबर आजम को छोड़ा पीछे
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 04:53 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ खेले गए मुकाबले को सूर्यकुमार यादव लंबे समय तक याद रखेंगे और भारत भी। कप्तान के रूप में अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में सूर्या ने नाबाद 84 रन की बेजोड़ पारी खेलकर भारत को बड़े संकट से उबारा। टीम जहां 77/6 पर लड़खड़ा रही थी, वहीं सूर्या ने अकेले दम पर पारी संभाली और भारत को 161/9 तक पहुंचाया। 49 गेंदों की इस पारी में सूर्या ने 10 चौके और 4 छक्के जड़े और दबाव में असाधारण संयम व आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।
एलीट लिस्ट में बाबर आज़म से आगे निकले सूर्या
कप्तान के रूप में टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू पारी में सर्वाधिक स्कोर करने की सूची में सूर्या ने बाबर आज़म को पीछे छोड़ दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के रूप में डेब्यू पारी के सर्वोच्च स्कोर
88 – क्रिस गेल vs ऑस्ट्रेलिया, द ओवल (2009)
84 – सूर्यकुमार यादव vs USA, वानखेड़े (2026)
68 – बाबर आज़म vs भारत, दुबई (2021)
65 – माहेला जयवर्धने vs केन्या, जोहान्सबर्ग (2007)
61 – मोहम्मद अशरफुल vs वेस्टइंडीज, जोहान्सबर्ग (2007)
भारत की बल्लेबाज़ी हुई फेल
USA के गेंदबाजों ने भारत के शीर्ष क्रम को पूरी तरह बांध कर रखा। पारी की पहली चार गेंदों पर भारत खाता भी नहीं खोल सका यहीं से मुश्किलें शुरू हो गईं।
अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट, ईशान किशन (20) अच्छी शुरुआत के बाद चूके, तिलक वर्मा (25) ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन टिक नहीं सके, शिवम दुबे (0), रिंकू सिंह (6), हार्दिक पांड्या (5) सस्ते में लौटे,अक्षर पटेल (14) अंत में तेजी लाने के प्रयास में आउट हुए; USA के लिए शैडली वैन स्काल्कवाइक ने 4/25 का शानदार स्पेल डाला, जबकि गेंदबाजी और फील्ड प्लेसमेंट में कप्तान मोनांक पटेल की रणनीति भी असरदार रही।
आखिरी ओवरों में सूर्या का तूफान
जब जिम्मेदारी पूरी तरह सूर्या पर आ गई, तो उन्होंने स्ट्राइक अपने पास रखी और अंतिम दो ओवरों में 34 रन बटोर लिए।आखिरी ओवर में 21 रन निकालकर उन्होंने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया—जो बाद में मैच जिताऊ साबित हुआ।

