सूर्यकुमार यादव का तूफानी खेल, 20वें ओवर में छक्कों के मामले में धोनी को पछाड़ा
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 11:08 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। मुश्किल हालात में उन्होंने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल थे।
जब सूर्यकुमार बल्लेबाजी करने आए, तब भारत की स्थिति खराब थी। टीम ने सिर्फ 46 रन पर अपने चार अहम विकेट खो दिए थे और बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल लग रहा था। ऐसे समय में सूर्या क्रीज पर डटे रहे और आक्रामक खेल दिखाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी वजह से भारत 161 रन बनाकर 9 विकेट पर पारी खत्म कर सका।
मैच का आखिरी ओवर बेहद रोमांचक रहा। अमेरिका के गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर के इस ओवर में भारत ने कुल 21 रन बटोरे। सूर्या ने पहली गेंद पर चौका लगाया, दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो छक्के जड़े और चौथी गेंद पर फिर से चौका मार दिया। इसी ओवर ने भारत को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।
सूर्या ने धोनी को पीछे छोड़ा
इस पारी के साथ ही सूर्यकुमार यादव एक खास रिकॉर्ड में एमएस धोनी से आगे निकल गए हैं। वे अब टी20 इंटरनेशनल में 20वें (आखिरी) ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। सूर्यकुमार ने 20वें ओवर में अब तक 34 गेंदों का सामना किया है और 13 छक्के लगाए हैं। वहीं एमएस धोनी ने 20वें ओवर में 132 गेंद खेलकर 12 छक्के लगाए थे, इसलिए वे अब संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रिंकू सिंह ने भी 41 गेंदों में 12 छक्के लगाए हैं और वे भी धोनी के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
नंबर-1 पर कौन?
इस लिस्ट में सबसे ऊपर हार्दिक पांड्या हैं। उन्होंने 20वें ओवर में 101 गेंदों का सामना किया है और कुल 16 छक्के जड़े हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज से ज्यादा हैं।

