टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद बोले सूर्यकुमार यादव, धोनी-रोहित के एलीट क्लब में शामिल होकर गर्व महसूस कर रहा हूं

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 04:33 PM (IST)

मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि देश को आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले दिग्गज कप्तानों की सूची में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। यह तीसरा मौका है जब भारत ने टी20 विश्व कप अपने नाम किया है।

धोनी, रोहित और कपिल देव के क्लब में शामिल हुए सूर्यकुमार

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनका नाम अब उन कप्तानों में शामिल हो गया है जिन्होंने भारत को आईसीसी ट्रॉफी दिलाई है।इस सूची में कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तान शामिल हैं। सूर्यकुमार ने कहा कि इतने महान खिलाड़ियों के साथ अपना नाम जुड़ना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।

‘यह बेहद खास अहसास है’

अहमदाबाद से मुंबई लौटने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, '2024 और अब 2026 में ट्रॉफी जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह बेहद खास अहसास है। जब हमने 2024 में जीत हासिल की थी, तभी सोचा था कि 2026 में अपने घरेलू मैदान पर इसे दोहराना कितना खास होगा।'

अगला लक्ष्य 2028 ओलंपिक गोल्ड

सूर्यकुमार यादव ने भविष्य के लक्ष्यों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि टीम का अगला लक्ष्य 2028 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि टीम शानदार लय में है और अगर भारत 2028 में टी20 वर्ल्ड कप भी जीतता है, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

भारत की ऐतिहासिक जीत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। भारत न सिर्फ तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम बना, बल्कि वह अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम भी बन गई।

भारत के महान कप्तानों की विरासत

भारत के लिए पहला बड़ा आईसीसी खिताब 1983 में कपिल देव की कप्तानी में आया था, जब टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जीता था।इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीता। हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का लंबा इंतजार खत्म किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News