''यह तो बस शानदार सफर की शुरुआत है'', वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर सूर्यकुमार यादव का खास संदेश
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:41 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टी20 टीम से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर टीम इंडिया और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए अपना संदेश साझा किया। भारत को इसी साल टी20 विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान ने 15 वर्षीय वैभव के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की जमकर तारीफ की और कहा कि यह उनके शानदार क्रिकेट करियर की सिर्फ शुरुआत है।
वैभव सूर्यवंशी के लिए लिखा खास संदेश
इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में दूसरे टी20 मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने भारत की ओर से सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और 16 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। वैभव के लिए सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'वैभव, तुम्हारे लिए एक खास बात। यह तुम्हारे बेहद रोमांचक सफर की सिर्फ शुरुआत है। हर पल का आनंद लो और देश का नाम रोशन करते रहो।'
टीम इंडिया को दिया पूरा समर्थन
सूर्यकुमार यादव ने अपने संदेश में भारतीय टीम के लिए भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े रहेंगे और टीम को अपना पूरा समर्थन देते रहेंगे। उन्होंने लिखा, 'मैं टीम के लिए बेहद खुश हूं। मैं हमेशा खिलाड़ियों के लिए सिर्फ शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पता है कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा समर्थन हमेशा मिलेगा।'
टीम से बाहर होने के बाद आया संदेश
यह संदेश ऐसे समय आया है जब सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है। हाल ही में बीसीसीआई ने उन्हें कप्तानी से भी हटा दिया और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंप दी। जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित टी20 टीम में भी सूर्यकुमार को जगह नहीं मिली।
खराब फॉर्म बनी बाहर होने की वजह
सूर्यकुमार यादव ने इसी साल भारत को घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया था, लेकिन इसके बावजूद उनका हालिया प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे समय तक खराब बल्लेबाजी फॉर्म और आईपीएल 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला लिया।

