T20 World Cup : इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी सोच और पाकिस्तान की स्पिन के बीच होगी टक्कर

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:49 PM (IST)

पल्लेकेले (श्रीलंका) : इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी की सोच और धीमी पिच पर पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी ताकत के बीच मंगलवार को टी-20 विश्वकप 2026 के सुपर आठ में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होगा। 

पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कल इंग्लैंड अपने पिछले सुपर 8 मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद इस मुकाबले में मजबूत लय के साथ उतरेगा। उनकी बल्लेबाजी फिलिप सॉल्ट और जोस बटलर जैसे खिलाड़यिों के माध्यम से पावरप्ले में तेजी से रन बनाने पर बनी है, जबकि जैकब बेथेल पांच मैचों में 133 के स्ट्राइक रेट से 146 रन बनाकर टीम के लिए सबसे लगातार रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। 

हैरी ब्रूक और बेथेल से बीच के ओवरों में स्थिरता की उम्मीद है, जबकि डेथ ओवरों में सैम करण और विल जैक्स पर दारोमदार होगा। इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण भी शानदार रहा है, खासकर उनके पिछले मैच में जहां स्पिनरों ने इसी मैदान पर दस में से सात विकेट लिए थे। जोफ्रा आर्चर के पेस वेरिएशन और आदिल राशिद के स्पिन कंट्रोल से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की रफ्तार को रोकने में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। 

पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है उसने अपने चार हुए ग्रुप मैचों में से तीन जीते हैं। उनकी ताकत उनका स्पिन गेंदबाजी आक्रमण है, इसी में उनके गेंदबाजों ने टूर्नामेंट में अधिकतर विकेट लिए हैं। उस्मान तारिक विशेषकर किफायती रहे हैं, उन्होंने प्रति ओवर केवल 5.82 रन दिए हैं, जिससे वह इस पिच पर गेम बदलने वाले गेंदबाज हो सकते हैं। पाकिस्तान की तकनीकी योजना मैच के दौरान 16 से 18 ओवर स्पिन गेंदबाजी करने पर फोकस करने की उम्मीद है। 

वहीं बल्लेबाजी की बात की जाये तो पाकिस्तान काफी हद तक साहिबजादा फरहान पर निर्भर है, जिन्होंने चार मैचों में 164 के आक्रामक स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं। सैम अयूब और सलमान आगा जैसे शीर्षक्रम का मकसद तेज शुरुआत देना होगा, जबकि बाबर आजम और फखर जमान जैसे अनुभवी खिलाड़यिों से दबाव के समय पारी को संभालने की उम्मीद है। पल्लेकेले में पिच की कंडीशन बैलेंस्ड रहने की उम्मीद है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, धीरे-धीरे स्पिन गेंदबाजों को फायदा होगा। यहां पहली पारी का स्कोर आमतौर पर 150 से 170 रन के बीच होता है। 

ऐसा अनुमान है कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें प्रतियोगिता में बने रहने के लिए 175 से 185 रन का लक्ष्य रख सकती हैं, जबकि पीछा करने वाली टीमों को उमस और बादल वाली शाम के हालात में सफल होने के लिए मजबूत मध्यमक्रम साझेदारी की जरूरत होगी। मैच की शुरुआत में स्विंग और बाद में स्पिन गेंदबाजो को मदद मिल सकती है। कुल मिलाकर, मैच का फैसला बीच के ओवरों में होने की उम्मीद है, जहां इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी पाकिस्तान के अनुशासनात्मक स्पिन आक्रमण को चुनौती देगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News