T20 WC : इंग्लैंड का सामना नेपाल से, ब्रूक को उम्मीद अब फोकस मैदानी प्रदर्शन पर रहेगा

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 02:54 PM (IST)

 

मुंबई : दो बार की चैम्पियन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को उम्मीद है कि टी20 विश्व कप के पहले मैच में रविवार को उनकी टीम जब नेपाल से खेलेगी तो फोकस वेलिंगटन क्लब में हुई घटना की बजाय मैदान में प्रदर्शन पर रहेगा। टी20 प्रारूप में दमदार टीमों में से एक इंग्लैंड की कमान ब्रूक के हाथ में है लेकिन एशेज दौरे से पहले रात को नाइटक्लब में एक बाउंसर से हुई उनकी झड़प को लेकर लगातार वह सुर्खियों में रहे हैं।

कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस में उनसे उस घटना से जुड़ा सवाल पूछा गया और हरफनमौला विल जैक्स को भी उन सवालों का जवाब देना पड़ा। जैक्स ने कहा, 'मैं उस समय न्यूजीलैंड में नहीं था तो मुझे जानकारी नहीं है। वहां उसने गलत फैसला लिया और उसे स्वीकार किया। उसके बाद से वह सकारात्मक राह पर मुड़ गया।' उन्होंने कहा, 'उसे पता है कि उसने क्या किया और अब उसे कोई बदल नहीं सकता लिहाजा उसे इतनी तवज्जो देना सही नहीं है। वह चाहता है कि बस क्रिकेट पर ही बात हो।' 

मैदान से बाहर की उस घटना के अलावा इंग्लैंड ने विश्व कप की पुख्ता तैयारी की है और प्रबल दावेदारों में से एक है। ग्रुप सी में उसके साथ इटली, नेपाल, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज भी हैं। इंग्लैंड को पता है कि उसे पहले ही मैच से अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इंग्लैंड ने पिछले 17 वनडे में से 11 जीते हैं और पिछले साल दो ही गंवाए हैं। ओस के हालात में गेंदबाजी हालांकि चुनौती हो सकती है और ऐसे में अनुभवी आदिल रशीद काफी उपयोगी साबित होंगे।

नेपाल के लिए यह विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ने का एक और मौका है। पिछली बार वह दक्षिण अफ्रीका को हराने के करीब पहुंच गया था और दक्षिण अफ्रीका टीम सिर्फ एक रन से जीती थी। इसके अलावा बांग्लादेश को 106 रन पर आउट कर दिया था। नेपाल ने हाल ही में दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज को 2-1 से हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

टीमें :  

इंग्लैंड : हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बेंटोन, जोस बटलर, बेन डकेट, फिल साल्ट, जैकब बेथेल, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, जैमी ओवरटन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग, ल्यूक वुड

नेपाल : रोहित पॉडेल (कप्तान ), आरिफ शेख, आसिफ शेख, दीपेंद्र सिंह एरी, बसीर अहमद, कुशल भूर्तल, संदीप जोरा, लोकेश बाम, गुलशन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, संदीप लामिछाने, शेर मल्ला, ललित राजबंशी, नंदन यादव । मैच का समय : दोपहर तीन बजे से ।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News