T20 WC : भारत के खिलाफ मैच से पूर्व बोले नामीबिया कोच विलियम्स, अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:31 PM (IST)
नई दिल्ली : मेजबान भारत के खिलाफ विश्व कप मुकाबले को कठिन चुनौती बताते हुए नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाले इस मैच में उनकी टीम अपनी अपनी रणनीति पर अडिग रहकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेगी चूंकि उनकी टीम और पूरे देश के लिये यह मैच एक यादगार अनुभव होगा। नीदरलैंड ने नामीबिया को टी20 विश्व कप ग्रुप ए के मुकाबले में मंगलवार को 7 विकेट से हराया। अब नामीबिया को 12 फरवरी को अरूण जेटली स्टेडियम पर गत चैम्पियन और खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम से खेलना है।
नीदरलैंड के खिलाफ मैच के बाद विलियम्स ने कहा, 'भारत के खिलाफ मैच आसान नहीं होगा लेकिन अगर हम अपनी रणनीति पर अडिग रहे और एक समय पर एक गेंद पर फोकस करके खेले तो अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं। हम पेशेवर टीम हैं और विरोधी टीम कोई भी हो, हमे अपने खेल पर फोकस करना है।' उन्होंने कहा, 'हर कोई भारत के खिलाफ मैच की बात कर रहा है। हमारे लिए यह यादगार मैच होगा और घर पर भी सभी इसकी बात कर रहे हैं। हम भारत के खिलाफ पहले खेल चुके हैं और वह मैच भी हमारे लिए काफी कठिन था। दूधिया रोशनी में चुनौती और भी कठिन होगी।'
नीदरलैंड के खिलाफ मिली हार के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी टीम 20 रन पीछे रह गई। विलियम्स ने कहा, 'हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रयास किया लेकिन हमें कम से कम 20 रन और बनाने चाहिए थे। डच टीम हमेशा हमसे 10 रन आगे थी और हम अच्छी साझेदारियां भी नहीं बना सके।' उन्होंने कहा, 'सामने चाहे कोई भी टीम हो, हमें एक बल्लेबाजी ईकाई और एक टीम के रूप में बेसिक्स पर अमल करना जरूरी है। शीर्ष चार बल्लेबाजों में से एक को बड़ी पारी खेलनी होगी और हमें अच्छी साझेदारियां बनानी होगी जो आज नहीं कर सके।'

