टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड्स ने नामीबिया को 7 विकेट से हराया

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 02:28 PM (IST)

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में नीदरलैंड्स ने नामीबिया को 7 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नामीबिया की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 156 रन बनाए।

नामीबिया की ओर से जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 38 गेंदों में 42 रन की पारी खेली, जबकि जान फ्राइलिंक ने 26 गेंदों पर 30 रन जोड़े। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने सिर्फ 9 गेंदों में 18 रन बनाकर तेज़ शुरुआत दी। इसके बाद जेजे स्मिट ने 15 गेंदों में 22 रन बनाकर स्कोर को मजबूती दी। नीदरलैंड्स की ओर से गेंदबाज़ी में लोगन वैन बीक और बास डी लीडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट झटके।

बास डी लीडे की नाबाद अर्धशतकीय पारी

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स ने 18 ओवर में 3 विकेट खोकर 159 रन बनाते हुए मुकाबला आसानी से जीत लिया। नीदरलैंड्स की जीत के हीरो रहे बास डी लीडे, जिन्होंने नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ कॉलिन एकरमैन ने 32 रन का योगदान दिया। इससे पहले ओपनर माइकल लेविट ने 15 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को तेज़ शुरुआत दिलाई।

दो ओवर पहले खत्म हुआ मुकाबला, रिकॉर्ड जीत

स्कॉट एडवर्ड्स और बास डी लीडे ने लॉफ्टी-ईटन की गेंदों पर छक्के जड़कर मुकाबला दो ओवर शेष रहते ही समाप्त कर दिया। बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल पिच पर नामीबिया न तो बड़ा स्कोर खड़ा कर सका और न ही उसकी गेंदबाज़ी नीदरलैंड्स को चुनौती दे पाई। विकेटों के लिहाज से यह टी20 विश्व कप में नीदरलैंड्स की अब तक की सबसे बड़ी जीत रही।

संक्षिप्त स्कोर

नामीबिया: 20 ओवर में 156/8
(जान निकोल लॉफ्टी-ईटन 42, जान फ्राइलिंक 30; लोगन वैन बीक 2/13, बास डी लीडे 2/20)

नीदरलैंड्स: 18 ओवर में 159/3
(बास डी लीडे नाबाद 72, कॉलिन एकरमैन 32)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News