T20 World Cup: श्रीलंका के बाहर होते ही छलका संगकारा का दर्द, भविष्य को लेकर दी सख्त चेतावनी
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 03:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सह-मेजबान श्रीलंका का सफर न्यूजीलैंड के खिलाफ 61 रन की करारी हार के साथ खत्म हो गया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने टीम 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिडिल ऑर्डर ढहने से उबर नहीं सकी। लगातार दो सुपर-8 मुकाबले हारने के बाद श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
कुमार संगकारा का भावुक रिएक्शन
पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने टीम के बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'हर तरफ बहुत दर्द है। प्रशंसक टूट चुके हैं, निराश और गुस्से में हैं। खिलाड़ी भी बेहद आहत हैं। मैं ऐसे ड्रेसिंग रूम में रहा हूं, यह आसान नहीं होता। लेकिन देश का प्रतिनिधित्व करना एक जिम्मेदारी भी है और सौभाग्य भी।' संगकारा ने खिलाड़ियों के जज्बे को समझते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी का हिस्सा है, लेकिन इससे उबरने के लिए बदलाव जरूरी है।
मैच का टर्निंग पॉइंट
श्रीलंका ने पहले न्यूजीलैंड को 84/6 पर रोक दिया था, जिससे लग रहा था कि मैच उनके नियंत्रण में है। लेकिन मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची ने पारी संभाली। इसके बाद रचिन रवींद्र (4/27) की घातक गेंदबाजी ने श्रीलंका की रनचेज को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
‘अब बदलाव जरूरी, वरना हो जाएंगे अप्रासंगिक’
संगकारा ने सिर्फ एक मैच की हार नहीं, बल्कि सिस्टम में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'हर स्तर पर बहुत काम करने की जरूरत है। हम एक जैसी गलतियां दोहराते रहेंगे तो अलग नतीजों की उम्मीद नहीं कर सकते। क्रिकेट दुनिया तेजी से बदल रही है और अगर हमने खुद को नहीं बदला तो हम अप्रासंगिक हो जाएंगे।' उनका यह बयान श्रीलंका क्रिकेट के भविष्य को लेकर गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।
सह-मेजबान भारत पर भी नजर
श्रीलंका के बाहर होने के बाद अब नजरें दूसरे सह-मेजबान भारत पर टिकी हैं। भारत भी सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से 76 रन से हार चुका है और सेमीफाइनल की दौड़ में मुश्किल स्थिति में है।

