T20 World Cup : टीम इंडिया ने फाइनल में बनाए तीन बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 10:09 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन की शानदार अर्धशतकीय पारियों के साथ शिवम दुबे की तूफानी पारी ने भारत को 5 विकेट पर 255 रन तक पहुंचाया। इस पारी ने टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास को पूरी तरह बदल दिया।
टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने 5 विकेट पर 255 रन बनाकर इतिहास रच दिया। इससे पहले फाइनल में किसी टीम का उच्चतम स्कोर श्रीलंका का 196/6 (2021) और ऑस्ट्रेलिया का 173/2 (2021) था। भारतीय बल्लेबाजों ने पावरप्ले से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार चौके और छक्कों के साथ स्कोर को तेजी से बढ़ाया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कई कोशिशें की लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की लय को रोक नहीं पाए। इस स्कोर ने भारत को फाइनल में विशाल प्लेटफॉर्म दिया और विपक्षी टीम के लिए लक्ष्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया।
फाइनल में टॉप 3 बल्लेबाजों के अर्धशतक
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहली बार ऐसा हुआ कि एक ही टीम के टॉप तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा।
अभिषेक शर्मा – तेजतर्रार अर्धशतक, शानदार स्ट्राइक रेट (21 गेंदों पर 52 रन, 6 चौके और 3 छक्के)
संजू सैमसन – लगातार तीसरे अर्धशतक के साथ टीम को बढ़त दी (46 गेंदों पर 89 रन, 5 चौके और 8 छक्के)
ईशान किशन – आक्रामक बैटिंग और टीम को स्ट्रॉन्ग प्लेटफॉर्म दिया (25 गेंदों पर 54 रन, 4 चौके और 4 छक्के)
इतनी गहरी बल्लेबाजी और टॉप तीन बल्लेबाजों की साझेदारी ने भारत को फाइनल में दबदबा बनाने में मदद की। इससे पहले सिर्फ श्रीलंका ने 2012 में महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा के साथ दो अर्धशतकीय पारियां फाइनल में बनाई थीं।
फाइनल में सबसे ज्यादा छक्के
टीम इंडिया ने फाइनल में कुल 18 छक्के लगाए, जो किसी भी टीम द्वारा टी20 विश्व कप फाइनल में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। शिवम दुबे की 8 गेंदों में 26 रन की तूफानी पारी ने इस रिकॉर्ड को और भी खास बना दिया, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 11 छक्के लगाए थे। छक्कों की इस बरसात ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर भारी दबाव डाला और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

