T20 World Cup : 9 दिन बाद भारत से रवाना हुई वेस्टइंडीज टीम, कमर्शियल फ्लाइट से खिलाड़ी घर लौटे

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 12:58 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारत में फंसी वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम आखिरकार 9 दिन के लंबे इंतजार के बाद अपने देश के लिए रवाना हो गई। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने पुष्टि की कि टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए कमर्शियल फ्लाइट की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए उन्हें सुरक्षित वापस भेजा जा रहा है।

इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण बंद हुआ था एयरस्पेस

वेस्टइंडीज उन टीमों में शामिल थी जो इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण भारत में फंस गई थीं। पश्चिम एशिया के एयरस्पेस बंद होने की वजह से टीम की यात्रा योजना प्रभावित हुई और उन्हें निर्धारित समय पर अपने देश लौटने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चार्टर फ्लाइट में देरी के बाद लिया फैसला

ICC द्वारा चार्टर फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही थी, लेकिन उसमें लगातार देरी हो रही थी। ऐसे में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने ICC को सूचित किया कि चार्टर फ्लाइट का इंतजार करना अब उचित नहीं है। इसके बाद कमर्शियल फ्लाइट के जरिए टीम की वापसी का इंतजाम किया गया।

कुछ खिलाड़ी पहले ही हो चुके हैं रवाना

CWI के बयान के मुताबिक टीम के कुछ खिलाड़ी और स्टाफ पहले ही भारत से रवाना हो चुके हैं। बाकी सदस्य 10 और 11 मार्च 2026 को अलग-अलग फ्लाइट से अपने देश लौटेंगे।

जिम्बाब्वे टीम भी हुई थी प्रभावित

वेस्टइंडीज की तरह जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम भी इसी कारण भारत में फंस गई थी। जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना आखिरी मैच 1 मार्च को नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। एयरस्पेस बंद होने के कारण उनकी यात्रा योजना भी बदलनी पड़ी।

ICC ने कराया वैकल्पिक इंतजाम

ICC के एक अधिकारी के मुताबिक जिम्बाब्वे टीम को नई दिल्ली से इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा होते हुए हरारे भेजा गया। वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था के जरिए टीम को सुरक्षित घर पहुंचाने की कोशिश की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News