IPL खेलने वाला सबसे अधिक उम्र का क्रिकेटर बनेगा ये भारतीय, 41 की उम्र में किया था डेब्यू

punjabkesari.in Monday, Dec 16, 2019 - 03:05 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 ऑक्शन के लिए अब दो दिन बचे हैं। कोलकाता में 19 दिसम्बर को होने वाली ऑक्शन में 332 खिलाड़ियों को चुना गया है जिन्हें 8 फ्रेंचाइजियों द्वारा 73 स्पाॅट के लिए चुना जाएगा। इनमें से 29 खिलाड़ी विदेशी रखे जाएंगे। जहां इस दौरान विदेशी खिलाड़ियों पर सभी की नजर रहेगी वहीं 48 साल के प्रवीण ताम्बे और 14 साल के नूर अहमद पर भी सभी का खास फोकस होगा। 

आईपीएल 2020 ऑक्शन में यदि तांबे और नूर को किसी टीम द्वारा जगह मिलती है जो ये दोनों खिलाड़ी रिकाॅर्ड बना देंगे। जहां ताम्बे आईपीएल में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे वहीं नूर किसी आईपीएल टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी (14 वर्षीय) होंगे। ताम्बे भारतीय क्रिकेटर हैं और नूर अहमद अफगानिस्तान से हैं। 

41 साल की उम्र में रखा था IPL में कदम 

ताम्बे ने 41 साल की उम्र में राजस्थान राॅयल्स की तरफ से 2013 में आईपीएल में कदम रखा था। साल 2016 में वह इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं थे। हालांकि अगले साल (2017) उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद में जगह तो मिली लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। ये अनुभवी लेग स्पिनर भारत और विदेशों में कई टी20 लीग में खेल चुका है। 

ताम्बे अकेला 40 की उम्र से ज्यादा का खिलाड़ी है जिसे आईपीएल 2020 आक्शन में जगह मिली है। उनके अलावा दूसरे नम्बर पर ऑस्ट्रेलिया के फवाद अहमद का नम्बर आता है जो 38 साल के हैं। इससे पहले आईपीएल ट्रेड लिस्ट में तांबे और ब्रैड हॉग 45 की उम्र में इस लीग में खेलने का सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकाॅर्ड अपने नाम कर चुके हैं। 

IPL में सबसे कम उम्र का प्लेयर बन सकता है नूर अहमद 

अगर नूर अहमद किसी टीम द्वारा सिलेक्ट कर लिए जाते हैं तो वह आईपीएल में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल प्रयास रे बर्मन आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं। बर्मन ने 16 साल की उम्र में राॅयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की तरफ से पिछले साल डेब्यू करते हुए ये रिकाॅर्ड अपने नाम किया था। 

Sanjeev