इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, इस युवा ऑलराउंडर की फिटनेस पर सस्पेंस

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 02:22 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी की इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उपलब्धता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट से उबर रहे रेड्डी ने अभी तक अपना रिहैबिलिटेशन भी शुरू नहीं किया है, जबकि सीरीज शुरू होने में दो सप्ताह से भी कम समय बचा है।

BCCI मेडिकल टीम ने दी आराम की सलाह

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI की मेडिकल टीम ने 23 वर्षीय नितीश कुमार रेड्डी को फिलहाल लंबा आराम करने की सलाह दी है। ऐसे में उनकी फिटनेस को लेकर संशय और बढ़ गया है।

अफगानिस्तान सीरीज के दौरान लगी थी चोट

नितीश कुमार रेड्डी को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (Quadriceps) मांसपेशी में चोट लगी थी। इसी वजह से वह दूसरे वनडे से बाहर रहे थे, हालांकि बाद में तीसरे और अंतिम मुकाबले में वापसी की थी। इसके बाद दर्द पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर होना पड़ा।

हार्दिक पहले से बाहर, अब रेड्डी पर भी संकट

रेड्डी की फिटनेस पर सवाल ऐसे समय उठे हैं जब टीम इंडिया पहले ही अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की सेवाएं नहीं ले पा रही है। हार्दिक फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए परफॉर्मेंस ब्लॉक प्रोग्राम से गुजर रहे हैं। अगर रेड्डी भी उपलब्ध नहीं होते हैं तो भारत के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की कमी बड़ी चुनौती बन सकती है।

क्या सूर्यांश शेडगे को मिलेगा मौका?

यदि नितीश कुमार रेड्डी फिट नहीं हो पाते हैं तो सूर्यांश शेडगे उनके सबसे मजबूत विकल्प बन सकते हैं। शेडगे ने श्रीलंका में खेली गई वनडे ट्राई-सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू भी किया, जहां दो ओवर में 25 रन देकर एक रन बनाया। अब तक शेडगे ने 15 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं, जिनकी 13 पारियों में 258 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 21.50 और स्ट्राइक रेट 101.97 रहा है। गेंदबाजी में उनके नाम 11 विकेट दर्ज हैं, जिसमें एक चार विकेट हॉल भी शामिल है।

शिवम दुबे भी हैं दावेदार

भारतीय टीम के पास दूसरा विकल्प शिवम दुबे हैं। दुबे ने हालिया टी20 सीरीज में आयरलैंड के खिलाफ तीन विकेट लेकर गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ा था। वह निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2024 में श्रीलंका के खिलाफ था और उन्होंने अब तक केवल चार वनडे खेले हैं।

14 जुलाई से शुरू होगी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की घोषित 15 सदस्यीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी का नाम शामिल है, लेकिन उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला मेडिकल अपडेट के बाद ही लिया जाएगा।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh