Hong Kong Sixes 2026: भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया, स्टार खिलाड़ियों को मिला टीम में मौका

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 03:36 PM (IST)

नई दिल्ली: हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारत ने अपनी मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि क्रुणाल पंड्या भी टीम का हिस्सा हैं। टीम में कई IPL के अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे भारत इस बार टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।

इन 7 खिलाड़ियों को मिली जगह

भारत की टीम में भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन शामिल हैं। राहुल त्रिपाठी इस टीम में इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें IPL 2026 में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। बाकी खिलाड़ियों के पास IPL का अच्छा अनुभव है और कई खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के अहम सदस्य रहे हैं।

पाकिस्तान और UAE से होगी टक्कर

हांगकांग सिक्सेस 2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा। छह खिलाड़ियों वाली इस टीम प्रारूप की प्रतियोगिता में भारत को ग्रुप-C में पाकिस्तान और UAE के साथ रखा गया है। पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है और उसने पिछले संस्करण के फाइनल में कुवैत को 43 रन से हराकर खिताब जीता था।

पिछले दो संस्करण में भारत का प्रदर्शन खराब

भारत ने 2017 में हांगकांग सिक्सेस में हिस्सा नहीं लिया था, जबकि 2024 में रॉबिन उथप्पा की कप्तानी वाली टीम ने टूर्नामेंट में वापसी की। भारत उस संस्करण में ग्रुप स्टेज के अपने चारों मुकाबले हारकर बाहर हो गया था। 2025 में दिनेश कार्तिक की कप्तानी में टीम ने शुरुआत जीत से की, लेकिन बाद में कुवैत, UAE और नेपाल से हारकर फिर से सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी।

लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का मौका

भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में खेला था। क्रुणाल पंड्या और नितीश राणा ने जुलाई 2021 के बाद भारत के लिए लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट नहीं खेला है, जबकि टी नटराजन की आखिरी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति मार्च 2021 में हुई थी। राहुल त्रिपाठी ने भारत के लिए आखिरी बार 2023 में खेला था, वहीं शशांक सिंह और राहुल तेवतिया को अभी तक भारत के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला है।

IPL में इन खिलाड़ियों का दमदार रिकॉर्ड

IPL 2026 में भुवनेश्वर ने RCB के लिए 28 विकेट लेकर टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। क्रुणाल ने 16 मैचों में 14 विकेट लेने के साथ 226 रन बनाए, जबकि शशांक सिंह ने 43 PBKS मैचों समेत IPL में 905 रन बनाए हैं। राहुल तेवतिया के नाम 92 IPL पारियों में 1,302 रन हैं, जबकि नितीश राणा ने 127 मैचों में 3,078 रन बनाए हैं।

नटराजन और त्रिपाठी पर भी नजर

टी नटराजन ने IPL में 73 मैचों में 72 विकेट लिए हैं और डेथ ओवरों के विशेषज्ञ गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाई है। राहुल त्रिपाठी ने 100 IPL मैचों में 2,291 रन बनाए हैं, लेकिन IPL 2026 में उन्हें KKR की ओर से एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अब हांगकांग सिक्सेस में इन अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजर होगी और भारत की कोशिश पहली बार इस टूर्नामेंट में खिताबी प्रदर्शन करने की होगी।

हांगकांग क्रिकेट की बड़ी उम्मीद

क्रिकेट हांगकांग के मार्केटिंग और कमर्शियल डायरेक्टर अनुराग भटनागर ने भारतीय टीम को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा, 'हम भारतीय क्रिकेट अधिकारियों के समर्थन के लिए बेहद आभारी हैं। यह सिक्सेस के इतिहास में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे मजबूत टीमों में से एक है।' उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मजबूत भारतीय टीम की मौजूदगी से टूर्नामेंट की लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News