आई.सी.सी. टैस्ट रैंकिंग में भारत 5वें साल टॉप पर, जानिए पूरी जर्नी

punjabkesari.in Thursday, May 13, 2021 - 07:29 PM (IST)

दुबई : आईसीसी विश्व टैस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यू.टी.सी.) की फाइनलिस्ट भारतीय टीम आई.सी.सी. टैस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बरकरार है। वहीं डब्ल्यू.टी.सी. की अन्य फाइनलिस्ट टीम न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर बनी हुई है। आई.सी.सी. की ओर से गुरुवार को जारी वार्षिक अपडेट के मुताबिक भारत रैंकिंग में 121 अंकों के साथ पहले और 120 अंकों के साथ न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है। वहीं, भारत दौरे पर एक टैस्ट जीतकर ही इंगलैंड तीसरे स्थान पर आ गया है। उसने ऑस्ट्रेलिया को चौथे नंबर पर धकेल दिया है। गत एक वर्ष में खेली गईं टैस्ट सीरीज में जीत ने भारत और न्यूजीलैंड को शीर्ष दो में बनाए रखा है। भारत ने जहां गत श्रृंखलाओं में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को क्रमश: 2-1 और 3-1 से हराया था तो वहीं न्यूजीलैंड ने वैस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की थी।

5 सालों में ऐसे आगे बढ़ी टीम इंडिया

2016-17 सीजन में भारतीय टीम ने जोरदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड को 3-0, इंगलैंड को 4-0 तो ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया। 2017 में कोहली की कप्तान में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 3-0 से हराया। इसी कारण टीम इंडिया रैंकिंग में पहले नंबर पर आ गई।

2018-19 सीजन में भारत ने विंडीज को उनके घर में हराया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को भी उनके घर जाकर मात दी। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर टीम इंडिया के हाथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी आई जोकि भारत को नंबर 1 कायम रखने के लिए काफी थी।
2020 में कोरोना का प्रभाव देखने को मिला। भारत का न्यूजीलैंड दौरा नहीं हो सका। इसके अलावा विश्व क्रिकेट में कई बड़ी सीरीज नहीं खेली गई। क्योंकि सभी जगह मैच नहीं हुए तो ऐसे में टीम इंडिया एक बार फिर से रैंकिंग में पहले पोजीशन पर बनी रही।

2020 के अंत में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलने गई। कोहली पहले मैच के बाद अपने बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट आए। तब अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय क्रिकेटरों ने जोरदार प्रदर्शन किया और ऐतिहासिक टैस्ट सीरीज जीती।
2021 में भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलियाको हराकर हौसले बुलंद थे। इसके बाद इंगलैंड की टीम अपने भारत दौरे पर आई। टीम इंडिया ने इंगलैंड को 3-1 से पटखनी दे दी। इसके बाद कोरोना के कारण फिर से क्रिकेट थम गई बावजूद इसके भारत नंबर 1 बना हुआ है।

आई.सी.सी. टैस्ट रेटिंग

पोजीशन टीम मैच प्वाइंट  रेटिंग
1 भारत  24 2914 121

2

न्यूजीलैंड  18 2166 120
3 इंगलैंड  32 3493 109
4 ऑस्ट्रेलिया  17 1844 108
5 पाकिस्तान 24 2247 94
6 वैस्टइंडीज  24 2024 84
7 साऊथ अफ्रीका 16 1273 80
8 श्रीलंका  27 2095 78
9 बांगलादेश 15 694 46
10 जिमबाब्वे  10 346 34
         

टैस्ट चैम्प्यिनशिप

टीम         % प्वाइंट  सीरीज
भारत  72.2 520 6
न्यूजीलैंड 70.0 420 5
ऑस्ट्रेलिया 69.2 332 4
इंगलैंड  61.4 442 6
पाकिस्तान 43.3 286 5.5
वैस्टइंडीज 33.3 200 5
साऊथ अफ्रीका 30.0 144 4
श्रीलंका  27.8 200 6
बांगलादेश 4.8 20 3.5
(बांगलादेश ने सभी 6 मैच गंवाए)      
       

टैस्ट चैम्पियनशिप की रेटिंग से स्टुअर्ट ब्रॉड खफा

वल्र्ड टैस्ट चैम्पियनशिप की रेटिंग प्रणाली से स्टुअर्ट ब्रॉड खफा हैं। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा फॉर्मेट है। इसका पहली बार आयोजन हो रहा है लेकिन इसके अंक तालिका से मैं खुश नही हूं। मैं ये नहीं समझ पा रहा हूं कि 5 मैचों की ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की सीरीज भारत और बांगलादेश की 2 मैचों की टैस्ट सीरीज के बराबर कैसे हो गई। यह बात मेरी समझ से परे हैं क्योंकि दोनों टीमों को अंक सीरीज जीतने पर एक समान नहीं मिलेंगे। ब्रॉड ने आगे कहा कि टैस्ट चैम्पियनशिप का आइडिया अच्छा है लेकिन अभी इस पर बहुत काम करने की जरूरत है। क्योंकि इसमें अभी भी कई सुधार किए जा सकते हैं। ब्रॉड ने यह भी माना कि एक साल में इंग्लैंड की टीम जितने मैच खेलती है उस हिसाब से वह टैस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बना बहुत मुश्किल होगा। 

ऑस्ट्रेलिया से अभी भी पीछे

भारतीय टीम भले ही पांचवें साल नंबर 1 बनी हुई है लेकिन वह अभी भी ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ नहीं पाई है। ऑस्ट्रेलिया ने 2002 में टैस्ट में नंबर 1 होने के बाद 2009 तक अपनी टॉप पोजीशन बरकरार रखी थी। ऑस्ट्रेलिया के पहले कप्तान स्टीव वॉ थे जिसके बाद रिकी पोंटिंग ने इसे आगे बढ़ाया। बता दें कि रैंकिंग में पहले नंबर पर रहने वाली टीम को आई.सी.सी. टैस्ट गदा और एक मिलियन डॉलर मिलते हैं।

Content Writer

Jasmeet