टेनिस : एशियाई खेलों के विजेता को मिलेगी टोक्यो ओलंपिक की टिकट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2018 - 07:53 PM (IST)

नई दिल्ली : जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के जरिए पुरूष और महिला एकल टेनिस खिलाडिय़ों को 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा।आईटीएफ ने आज टेनिस के लिए टोक्यो 2020 क्वालीफिकेशन प्रणाली के तहत 6 महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन स्थान शुरू करने की घोषणा की जिन्हें आईओसी कार्यकारी बोर्ड की मंजूरी मिल गई।
प्रत्येक एकल ड्रा में होंगे 64 खिलाड़ी 
वर्ष 2020 ओलंपिक की टेनिस स्पर्धा में 5 पुरूषों के एकल और युगल, महिलाओं की एकल और युगल तथा मिश्रित युगल प्रतिस्पर्धाएं होंगी। प्रत्येक एकल ड्रा में 64 खिलाड़ी होंगे, जिसमें से एक देश से अधिकतम चार भाग ले सकते हैं। पिछले खेलों की तरह इसमें 56 को सीधे प्रवेश मिलेगा जबकि आठ आईटीएफ स्थान होंगे जिसमें छह महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन स्थान भी होंगे। हालांकि खिलाडिय़ों की रैंकिंग 8 जून 2020 तक एकल रैंकिंग में शीर्ष 300 के अंदर होनी चाहिए और उस विशेष देश का कोटा चार सीधे प्रविष्टियों द्वारा भरा हुआ नहीं हो
सकारात्मक बदलाव : हैगर्टी
आईटीएफ अध्यक्ष डेविड हैगर्टी ने कहा- महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन स्थान शुरू करना काफी अहम और सकारात्मक बदलाव है क्योंकि हमारा मानना है कि इससे इन अहम क्षेत्रीय खेलों में भागीदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी और इससे ओलंपिक टेनिस स्पर्धा में भाग लेने के लिए अतिरिक्त देशों के लिए भी मौका बनेगा। उत्तर और दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के लिए क्वालीफिकेशन का रास्ता पेरू के लिमा में 2019 पैन अमेरिकी खेलों से मिलेगा। इन खेलों से दोनों फाइनलिस्ट क्वालीफाई कर लेंगे। अफ्रीकी महाद्वीप के लिए क्वालीफिकेशन स्पर्धा जाम्बिया के लुकसाका में 2019 अफ्रीकन खेल होंगे। एक स्थान यूरोप और ओसनिया दोनों से उस देश के सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाले पुरूष और महिला को दिया जाएगा जिसने अभी तक एकल में प्रतिनिधित्व नहीं किया है।