अंडरटेकर होंगे डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल

punjabkesari.in Friday, Feb 18, 2022 - 09:36 PM (IST)

लॉस एंजेलिस : वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) ने पुष्टि की है कि द अंडरटेकर 2022 के डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे।  डब्ल्यूडब्ल्यूई की आधिकारिक वेबसाइट ने कहा- अंडरटेकर को रेसलमेनिया वीक के दौरान 2022 हॉल ऑफ फेम इंडक्शन सेरेमनी के दौरान हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1 अप्रैल को डलास में अमेरिकन एयरलाइंस सेंटर में आयोजित होगा।

मल्टी-टाइम डब्ल्यूडब्ल्यूई और वल्र्ड हैवीवेट चैंपियन, सात-बार टैग टीम टाइटलहोल्डर और 2007 में रॉयल रंबल मैच विजेता अंडरटेकर ने कई साल लंबे करियर में बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने रेसलमेनिया में 21-0 का रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान उन्होंने शॉन माइकल्स, ट्रिपल एच, रैंडी ऑर्टन, डीजल, केन समेत कई दिग्गजों पर जीत हासिल की।

रेसलमेनिया में केवल ब्रॉक लैसनर ने ही अंडरटेकर की स्ट्रीक तोड़ी थी। अपने आखिरी मैच में अंडरटेकर ने एजे स्टाइल्स पर जीत हासिल की थी। सर्वाइवर सीरीज़ 2020 के बाद अंडरटेकर ने अपने प्रोफेशनल रैसलिंग करियर पर विराम लगा दिया था। 

Content Writer

Jasmeet