IND vs NZ 5th T20I: ईशान से लेकर सूर्या-अर्शदीप तक, भारत की जीत के हीरो बने ये 5 खिलाड़ी

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 01:25 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क :  भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में धमाकेदार रहा। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से शिकस्त देकर न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि सीरीज भी 4-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत में भारतीय टीम के पांच खिलाड़ियों का योगदान सबसे अहम रहा।

पहले बल्लेबाजी कर भारत ने बनाया विशाल स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। भारतीय बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन ठोक दिए। यह भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।

1. ईशान किशन: वापसी पर शतक से मचाया धमाल

करीब दो साल बाद टीम इंडिया में लौटे ईशान किशन ने अपनी वापसी को यादगार बना दिया। उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। ईशान की इस पारी ने भारत की पारी को मजबूत आधार दिया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

2. सूर्यकुमार यादव: कप्तान की जिम्मेदारी, 63 रन की जुझारू पारी

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पांचवें टी20 में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 30 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। सूर्या की इस पारी ने मध्यक्रम को संभाला और बड़े स्कोर की नींव रखी।

3. अर्शदीप सिंह: दूसरे स्पेल में पलटा मैच

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में महंगे ओवर फेंके, पहले दो ओवर में 40 रन लुटा दिए। हालांकि, दूसरे स्पेल में उन्होंने जबरदस्त वापसी की और 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला पांच विकेट हॉल रहा।

4. हार्दिक पांड्या: फिनिशर की भूमिका में असरदार

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अंत में तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 17 गेंदों पर 42 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 4 छक्के शामिल थे। हालांकि गेंदबाजी में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन बल्लेबाजी में उनका योगदान अहम रहा।

5. अक्षर पटेल: गेंद से बदला मैच का रुख

अक्षर पटेल को इस मुकाबले में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन गेंद से उन्होंने कमाल कर दिया। अक्षर ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने सेट बल्लेबाज फिन एलन (80 रन) को आउट कर न्यूजीलैंड की रनचेज की कमर तोड़ दी।

46 रन से जीत, सीरीज भारत के नाम

271 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम दबाव में आ गई और 225 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 46 रन से जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम की और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले शानदार संदेश दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News