ये हैं टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज, टॉप 5 में एक भी भारतीय नहीं

punjabkesari.in Saturday, Nov 15, 2025 - 02:47 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: टेस्ट क्रिकेट को हमेशा से तकनीक, धैर्य और क्लास की कसौटी माना जाता है। फिर भी कुछ ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज हुए हैं जिन्होंने इस शांत प्रारूप में भी छक्कों की बरसात की है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज़ों की सूची जारी हुई है, जिसमें हैरानी की बात यह है कि एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़

1. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
छक्के: 136 (सबसे ज्यादा)

2. ब्रेंडन मैकुलम (न्यूज़ीलैंड)
छक्के: 107

3. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
छक्के: 100

4. टिम साउदी (न्यूज़ीलैंड)
छक्के: 98

5. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
छक्के: 98

इस सूची में नंबर-1 पर हैं इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स, जिन्होंने 2013 से अब तक खेले 115 मैचों में 136 छक्के जड़े हैं। आक्रामक बैटिंग स्टाइल और मैच खत्म करवाने की उनकी क्षमता उन्हें आधुनिक युग का सबसे खतरनाक टेस्ट बल्लेबाज़ बनाती है। न्यूज़ीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। 2004 से 2016 तक खेले गए 101 टेस्ट में उन्होंने 107 छक्के लगाए। मैकुलम अपने तूफ़ानी अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने ही टेस्ट क्रिकेट में शुरुआती ओवरों में आक्रमण का चलन लोकप्रिय किया।

तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर विकेटकीपर बल्लेबाज़ एडम गिलक्रिस्ट हैं, जिनके नाम 100 छक्के दर्ज हैं। चौथे स्थान पर न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ टिम साउदी हैं, गेंदबाज़ होकर भी उन्होंने 107 टेस्ट में 98 छक्के लगाए हैं। वहीं पांचवें नंबर पर कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 103 टेस्ट में 98 छक्के जड़े और अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी के कारण टेस्ट में भी विरोधियों के होश उड़ाए।

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो कई दिग्गजों ने लंबी पारियां खेली हैं, लेकिन छक्कों के मामले में कोई भी अभी तक टॉप-5 में जगह नहीं बना सका है। हालांकि हाल ही में ऋषभ पंत ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है, लेकिन वह अभी स्टोक्स जैसे खिलाड़ियों से काफी पीछे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh