साल 2017 में भारत में आयोजित हुए ये बड़े स्पोर्ट्स टूर्नामेंट

punjabkesari.in Friday, Dec 29, 2017 - 03:42 PM (IST)

नई दिल्ली : स्पोर्ट्स की दुनिया में साल 2017 भारत के लिए बहुत ही अच्छा रहा। लगभग हर खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने झंडे गाड़े और वर्ल्ड प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। भारतीय पुरूष और महिला खिलाड़ियों ने न सिर्फ क्रिकेट बल्कि एथलेटिक्स में भी विश्व पटल पर देश का नाम रौशन किया। यही नही भारत ने इस साल कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट की मेजबानी भी की।

फुटबॉल वर्ल्ड कप
फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप के 17वें संस्करण का सफल आयोजन 6 से 28 अक्टूबर, 2017 के बीच हुआ। भारत ने पहली बार इतिहास में इतनी बड़ी फुटबॉल प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया। यह स्पर्धा नई दिल्ली, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, कोलकाता और नवी मुंबई में आयोजित की गई तथा दुनिया भर की 24 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दर्शकों से खचाखच कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में 28 अक्टूबर, 2017 को इंग्लैंड और स्पेन के बीच फाइनल मैच खेला गया जिसमें इंग्लैंड को प्रतिस्पर्धा का विजेता घोषित किया गया।

एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 
भारत ने 6 से 9 जुलाई 2017 के बीच ओडिशा के भुवनेश्वर में 22वीं एशियाई एथलेटिक चैंपियनशिप का सफल आयोजन भी किया। इसमें 41 देशों के 560 एथलीट ने हिस्सा लिया। कलिंगा स्टेडियम में विश्व स्तरीय सुविधाएं महज 90 दिन के अंदर ही तैयार कर दी गई। भारत ने 'सुपरपावर' चीन से आगे रहते हुए 29 पदक (12 स्वर्ण, 5 रजत और 12 कांस्य) हासिल किए। 

हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल
इसी साल के अंत में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में एक से 10 दिसंबर तक हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल की मेजबानी भी भारत ने की। इसमें भारत के अलावा दुनिया की 7 अन्य टाॅप टीमों ने हिस्सा लिया। भारत ने इस टूर्नामेंट में जर्मनी को 2-1 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।