सुनील गावस्कर बोले- ऑक्शन में कमाए रुपयों के एक-एक पैसे का हकदार है यह गेंदबाज

punjabkesari.in Thursday, Feb 17, 2022 - 03:57 PM (IST)

खेल डैस्क : आई.पी.एल. ऑक्शन 2022 में भारतीय गेंदबाजों को मोटी रकम मिलने से पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर खुश हैं। उनका कहना है कि भारतीय तेज गेंदबाजों को उनकी मेहनत का मूल्य मिल रहा है। हर्षल कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 में भारतीय टीम का हिस्सा थे। मैच शुरू होने से पहले गावस्कर ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि आईपीएल नीलामी में हर्षल पर खर्च की गई राशि उचित है। वह गेम बदलने का माद्दा रखता है। 

गावस्कर बोले- वह नीलामी में कमाए गए हर पैसे, हर रुपए के हकदार हैं। उन्होंने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया था। हर्षल ने लगातार अपना गेम सुधारा है। पहले वह गेंदबाज बल्लेबाज थे। उनकी गति में बदलाव कम थे। लेकिन अब वह तेजी से सीख रहे हैं। उन्होंने बहुत सुधार किया है। अब वह ऐसा गेंदबाज है जिसका सामना बल्लेबाज नहीं करना चाहते क्योंकि वे नहीं जानते वह क्या गेंदबाजी करने जा रहा है।

आईपीएल 2021 में आरसीबी के लिए 32 विकेट हासिल लेने वाले हर्षल ने डीजे ब्रावो के एक सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड बराबर किया है। गावस्कर का मानना है कि हर्षल में काफी सुधार हुआ है। उसके पास अच्छी यॉर्कर है। वह धीमा बाउंसर फेंक लेता है। उसके पास एक ऐसी गेंद भी है जो काफी अच्छी तरह से चलती है। उसे पता है कि उसे कब काम में लाना है। 

बता दें आई.पी.एल. 2022 के लिए जो मैगा ऑक्शन करवाई गई है वह भारतीय खिलाडिय़ों के लिए बेहतरीन गई। दो दिनों में सभी 10 फ्रेंचाइजी को बेचे गए 204 खिलाडिय़ों में से केवल 67 विदेशी थे। बिकने वाले तीन सबसे महंगे खिलाड़ी भारतीय थे। ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में, दीपक चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ में तो श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12.25 करोड़ में खरीदा था। 

Content Writer

Jasmeet