रे''प के आरोपी इस भारतीय क्रिकेटर की टीम में वापसी, कुछ दिन पहले ही मिली जमानत
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 10:44 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की बंगाल की घरेलू क्रिकेट टीम में वापसी हो गई है। रेप और यौन अपराध के आरोपों का सामना कर रहे पोरेल को हाल ही में जमानत मिली थी। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने अभ्यास मैचों के लिए अपनी सीनियर टीम का ऐलान किया है, जिसमें अभिषेक का नाम भी शामिल है। यह मैच गुवाहाटी के एसीए (ACA) स्टेडियम में खेले जाएंगे।
सुदीप चटर्जी संभालेंगे कप्तानी, 18 सितंबर को मिली थी जमानत
अभ्यास मैचों के लिए बंगाल टीम की कमान सुदीप चटर्जी को सौंपी गई है। कोलकाता पुलिस ने एक मेडिकल छात्रा की शिकायत पर पोरेल को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उनके खिलाफ 30 जून को हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी से पहले पोरेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था। जेल में एक महीने से ज्यादा का वक्त बिताने के बाद उन्हें 18 सितंबर को जमानत मिली। जमानत मिलने के करीब एक हफ्ते बाद ही टीम में उनकी एंट्री हो गई है। पोरेल 2026 आईपीएल के बाद से क्रिकेट मैदान पर नजर नहीं आए हैं, जहां उन्होंने सीजन में 4 मैच खेले थे।
अभ्यास मैचों के लिए घोषित बंगाल की टीम
गुवाहाटी में होने वाले अभ्यास मैचों के लिए बंगाल का पूरा स्क्वॉड इस प्रकार है: सुदीप चटर्जी (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, अंकुर पॉल, अंकित शुक्ला, सुमंत गुप्ता, सुभम चटर्जी, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), शाकिर हबीब गांधी (विकेटकीपर), प्रदीप्ता प्रमाणिक, करण लाल, आमिर गनी, सौम्यदीप मंडल, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद कैफ, गीत पुरी और ईशान पोरेल।
ऐसा रहा है पोरेल का अब तक का करियर
अभिषेक पोरेल के क्रिकेट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 32 फर्स्ट क्लास मैचों की 50 पारियों में 31.28 की औसत से 1,408 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 23 लिस्ट-ए मैचों की 21 पारियों में उन्होंने 2 शतकों और 5 अर्धशतकों की मदद से 833 रन बनाए हैं। टी20 क्रिकेट के 61 मैचों की 59 पारियों में पोरेल ने 30 की औसत और 151.86 के स्ट्राइक रेट से 1,590 रन बनाए हैं, जिसमें 11 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं आईपीएल के 35 मैचों में उनके नाम 769 रन दर्ज हैं।

