पुडुचेरी के तीन क्रिकेटरों ने कोच पर किया था जानलेवा हमला, क्रिकेट संघ ने लिया कड़ा एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 08:57 PM (IST)

पुडुचेरी : पुडुचेरी क्रिकेट संघ (CAP) ने बुधवार को घोषणा की कि उसने पिछले साल आठ दिसंबर को अंडर-19 राज्य टीम के कोच वेंकटरामन पर हमला करने के आरोप में अपने प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ये तीनों खिलाड़ी (जे. कार्तिकेयन, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन) हाल के वर्षों में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 

अरविंदराज ने भी पिछले घरेलू सत्र में इस केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। CAP द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 'तीनों पर वेंकटरामन की हत्या के प्रयास और उन पर हमले का आरोप लगाया गया है। सेदुरपेट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी ने प्राथमिकी (एफआईआर) संख्या 100/2025 के तहत औपचारिक आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और मामला अदालत के अधीन है।' 

CAP ने इन खिलाड़ियों को अपने किसी भी परिसर में प्रवेश करने से निलंबित कर दिया है और उन्हें राज्य संघ की किसी भी सुविधा का उपयोग करने से रोक दिया है। इन खिलाड़ियों को किसी भी राष्ट्रीय या विदेशी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं होगी और अदालत द्वारा सभी आरोपों से बरी किए जाने तक यह निलंबन प्रभावी रहेगा। तीनों आरोपियों के पास राज्य क्रिकेट निकाय के आचार संहिता अधिकारी / लोकपाल के समक्ष अपील करने का विकल्प है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News