IND vs ZIM: स्ट्राइक रेट पर उठे सवालों का तिलक वर्मा का जवाब, ''टीम की जरूरत के हिसाब से खेलता हूं''

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 10:24 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान तिलक वर्मा ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचनाओं पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद तिलक ने साफ कहा कि वह व्यक्तिगत आंकड़ों से ज्यादा टीम की जरूरत को प्राथमिकता देते हैं।

'हर परिस्थिति में एक जैसा खेलना आसान नहीं'

प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में तिलक वर्मा ने कहा कि टी20 क्रिकेट में हर मैच और हर परिस्थिति अलग होती है। ऐसे में बल्लेबाज को उसी हिसाब से अपनी भूमिका निभानी पड़ती है।

उन्होंने कहा, 'इस खेल में हर परिस्थिति अलग होती है और खासकर विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता। मैं हमेशा टीम की जरूरत के मुताबिक खेलता हूं। अगर टीम को पारी संभालने की जरूरत हो तो मैं वैसा खेलता हूं और अगर पहली गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करनी हो तो वह भी करता हूं।'

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे का दिया उदाहरण

तिलक ने बताया कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान कई मुकाबलों में भारत ने शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय पर उनका रोल आक्रामक बल्लेबाजी करने के बजाय पारी को संभालना था। उनके मुताबिक ऐसी परिस्थितियों में केवल स्ट्राइक रेट देखकर किसी बल्लेबाज का आकलन करना सही नहीं है।

सात टी20 मैचों में कैसा रहा प्रदर्शन?

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर तिलक वर्मा का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। उन्होंने सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 178 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 29.67 और स्ट्राइक रेट 131.85 रहा। उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में केवल 25 गेंदों पर 53 रन की तेज पारी खेली।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में वापसी की उम्मीद

इंग्लैंड दौरे पर एक भी टी20 मुकाबला नहीं जीत पाने के बाद अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ नई शुरुआत करना चाहेगी। कप्तान श्रेयस अय्यर की नजर अपनी पहली टी20 सीरीज जीतने पर होगी, जबकि युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका रहेगा।

भारत का टी20 स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, प्रभसिमरन सिंह, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशीष शर्मा और मयंक यादव।

भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का कार्यक्रम
पहला टी20: 23 जुलाई, हरारे – शाम 4:30 बजे (IST)
दूसरा टी20: 25 जुलाई, हरारे – शाम 4:30 बजे (IST)
तीसरा टी20: 26 जुलाई, हरारे – शाम 4:30 बजे (IST)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News